- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- 16 Establishments Sealed, Including Two Liquor Shops, Precincts And Gyms, FIR On 21, Fine Recovered From 3098 People
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- काेराेना गाइडलाइन का पालन न करने पर कार्रवाई
बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मंगलवार को पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। गाइड लाइन का पालन न करने पर दो शराब दुकान, एक अहाता सहित 16 प्रतिष्ठान दो दिन के लिए सील कर दिए। 21 लोगों पर मास्क और डिस्टेंसिंग के नियम का पालन न करने पर एफआईआर दर्ज की गई है। जबकि बिना मास्क मिले 3098 लोगों से लगभग 3 लाख 9800 रुपए जुर्माना वसूला। यही नहीं बिना मास्क मिले 47 लोगों को खुली जेल भी भेजा गया।
सीएमएचओ दफ्तर में घूम रहा था संक्रमित
थाटीपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले जितेंद्र साहू के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया गया है। सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा के मुताबिक युवक 2 अप्रैल काे काेराेना पॉजिटिव आने के बाद घर से बाहर घूमते हुए उनके दफ्तर तक आ गया था। जबकि युवक का कहना है उसकी दूसरी रिपोर्ट 4 अप्रैल को निगेटिव आ चुकी है। इसे उसने सीएमएचओ ऑफिस भेजा था।
जूस, चाऊमीन व छोले का ठेले लगाने वालों पर एफआईआर
माधौगंज क्षेत्र में तीन ठेला कारोबारी एवं एक किराना संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने ईदगाह पर जूस का ठेला पर 14 लोगों की भीड़ एकत्र करने पर सोनू अग्रवाल निवासी फालका बाजार, कब्रिस्तान के पास चाऊमीन का ठेला संचालित करने वाले भारत प्रजापति, स्काउट गाइड कार्यालय के पास छोले भटूरे का ठेला लगाने वाले दिनेश पाल और इसी क्षेत्र में किराना स्टोर संचालक प्रदीप चावला के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
माधौगंज क्षेत्र में साड़ी और मावा की दुकानें भी सील
- एसडीएम अनिल बनवारिया व तहसीलदार शिवानी पांडे की टीम ने माधौगंज में शराब दुकान, भैरव मंदिर के पास साड़ी व मोर बाजार में मावा दुकान सील की। कपड़ा कारोबारी राजेश कुशवाह को बिना मास्क के दुकान पर बैठकर कारोबार करते पाया। कारोबारी के खिलाफ थाने में 188 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
- फालका बाजार में दीप्ति इंटर प्राइजेज और राजेश इंटर प्राइजेस को भी दो दिन के लिए सील किया। इन दुकानों पर दुकानदार व विक्रय प्रतिनिधि बिना मास्क बैठे थे।
- मुरार में एसडीएम पुष्पा पुषाम की टीम ने बारादरी के पास शराब की दुकान, बाबा इंटर प्राइजेज व एक टेंट गोदाम को सील किया। यहां भी बिना मास्क लगाए बड़ी संख्या में लोग बैठे थे।
- ग्वालियर सिटी एसडीएम प्रदीप सिंह तोमर को बहोड़ापुर में गालब जिम को सील किया गया। लक्ष्मणपुरा क्षेत्र में शराब का अहाता और फूलबाग में टीलॉजी दुकान सहित पांच अन्य प्रतिष्ठान सील किए गए।
शहर में अब एचआर-सीटी जांच 3 हजार रुपए में हाेगी
कोरोना के कई मरीज ऐसे हैं, जिनकी आरटी-पीसीआर और रेपिड एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट निगेटिव आती है, लेकिन उनमें कोरोना के लक्षण होते हैं। ऐसे रोगियों में कोरोना का पता लगाने के लिए डॉक्टर्स एचआर-सीटी जांच कराते हैं। अभी तक इस जांच के लिए सीटी स्कैन सेंटर के संचालक 5000 रुपए तक वसूल रहे थे।
अब स्वास्थ्य विभाग ने इस जांच के लिए अधिकतम 3000 रुपए रेट निर्धारित कर दी है। यह आदेश लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव ने मंगलवार को जारी किए। इससे पहले शासन आरटीपीसीआर और रेपिड एंटीजन के रेट निर्धारित कर चुका है।
अब आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए निजी लैब में 700 रुपए और घर से सैंपल कलेक्शन पर 200 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। यानी घर पर सैंपल देने पर लोगों को कुल 900 रुपए खर्च करने पड़ेंगे। रेपिड एंटीजन टेस्ट से कोरोना जांच अस्पताल या प्रयोगशाला में करने पर 300 प्रति मरीज लिया जाएगा।