- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- Car Ran For More Than Eight And A Half Hours In Eight Squares, Alamas Foot In The Grip Of Bad Condition, At Night, Parked Car Near The House Of Miscreant Uncle And Ran Away From Auto
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अलमास का जख्मी पैर, सुबह पुलिस को एक खाली प्लाट पर कार खड़ी मिली।
मेरी किराने की दुकान है, इसके साथ मैं दुकानाें में सामान भी सप्लाई करता हूं। रात को मैं दुकान के बाहर खड़ा था। तभी एक सफेद रंग की कार तेजी से आई और आगे निकल गई। कुछ दूर जाकर रुकी और फिर रिवर्स में आने लगी, जब तक मैं संभलता मेरे पैर पर गाड़ी चढ़ चुकी थी। लोग दौड़े तो कार चालक ने गाड़ी तेजी से दौड़ा दी और दूसरों को टक्कर मारते हुए वहां से गोल चौराहे की ओर भाग निकला। यह बात मोहम्मद अलमास ने बताई। हादसे में अलमास के पैर में गंभीर चोट आई है। फैजान की कार ने पहली टक्कर इन्हें ही मारी थी। करीब सवा घंटे तक शहर में उत्पात मचाने वाला फैजान तो अभी फरार है, लेकिन उसकी कार उसके मामा बदमाश साजिद चंदनवाला के लाइफ लाइन स्थित मकान के पास मिली है। कार की नंबर प्लेट भी गायब है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
रात में 20 से ज्यादा लोगों को फैजान ने मारी थी टक्कर।
पड़ताल में सामने आया है कि फैजान ने करीब 8 से 9 चौराहों से होता हुआ भागा और क्षिप्रा टाेल तक पहुंच गया था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। पता चला है कि इसने सबसे पहले साढ़े 10 बजे के करीब अलमास को टक्कर मारी थी। इसके बाद वह सवा 12 बजे के करीब कार रखने एलआईजी क्षेत्र में पहुंचा था। यहां कार रखने के बाद वह एक ऑटो में सवार हुआ और फिर निकल गया। उसके साथ तीन लोग बताए जा रहे हैं। इस दौरान इसने करीब 20 लोगों को अपनी चपेट में लिया। जिसमें से तीन लोगों को गंभीर चोट आई है। जिनका एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में समीर और राकेश का नाम शामिल है।
फैजान ने नशे की हालत में वारदात को अंजाम दिया।
यह रूट पता चला
रफ्तार का आतंक रात करीब साढ़े 10 बजे गणेश चौक से शुरू हुई थी। यहां मोहम्मद अलमास को रिवर्स में टक्कर मारने के बाद उसने ऑटो को चपेट में लिया और हुसैनी चौक की तरफ भागा। तेजी से कार दौड़ा रहे फैजान ने शोएब और अहमद नूर को सहित करीब आधा दर्जन लोगों को चपेट में ले लिया। हुसैनी चौक से बढ़कर यह मदीना नगर पहुंचा और यहां पर तीन राहगीरों को टक्कर मारी। यहां से एसपी के बंगले की तरफ भागा और स्कूटर सवार दंपती को चपेट में ले लिया। पुलिस उसके पीछे लग चुकी थी इसलिए उसने कार की रफ्तार को और तेज कर दिया। करीब 10 किमी पीछा करने के बाद कार पुलिस की आंखों से ओझल हो चुकी थी।
अलमास का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नशे के बाद मचाया आतंक
बताया जा रहा है कि फैजान ने अपने घर के पास ही मैदान में नशा किया था। यहां से कार उठाई और हुसैनी चौक से होते हुए लोगों को टक्कर मारकर मदीना पहुंचा था। एसपी बंगले से गोल चौराहा, छावनी मंडी चौराहा, हाथीपाला, फिर वापस पलटा और छावनी आया। यहां से फिर जीपीओ, वाइट चर्च चाैराहा, रिंग रोड हाेते हुए पिपल्याहाना चौराहा, रोबोट चौराहा, रेडिशन चौराहा, बॉम्बे अस्पताल चौराहा, देवास नाका चौराहा से मांगलिया पहुंचा। यहां पर साइकिल से जा रहे राकेश चौरेले को टक्कर मार दी। राकेश सेल्समैन है और वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। इसके बाद क्षिप्रा टोल तक गया। यहां से लौटकर फिर एलआईजी चौराहे पहुंचा और यहां कार को मामा के मकान के पास छोड़कर ऑटो से भागा। घटना के बाद जब पुलिस को फैजान का नाम पता चला तो उसने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन घर पर ताला लटका मिला।
यह है पूरा घटनाक्रम
इंदौर में BJP की नेता फिरदौस पटेल के 22 साल के बेटे फैजान ने मंगलवार आधी रात आजाद नगर में जमकर आतंक मचाया था। नशे में वह कार (MP-09 CE-6481) दौड़ाता रहा। इस दौरान उसने कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। इससे करीब 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने लोगों के साथ उसका पीछा किया तो उसने पुलिसकर्मियों को भी टक्कर मारी। 25 से ज्यादा गाड़ियों से लोग 10 किमी तक फैजान का पीछा करते रहे। इस दौरान वह तेज रफ्तार से कार दौड़ाते हुए लोगों को टक्कर मारता रहा। आखिरकार पुलिस उसे नहीं पकड़ पाई और वह भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।