जबलपुर18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- टारगेट पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों को इस बात का अल्टीमेटम दिया गया था कि उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है
पूर्व क्षेत्र बिजली कंपनी में अधिकारियों को हर माह राजस्व वसूली का टारगेट दिया जाता है। मगर जुलाई माह की राजस्व वसूली पर अधिकारियों की विशेष नजर थी वह इसलिए क्योंकि लॉकडाउन के तीन माह तो उपभोक्ताओं को बिल जमा करने बोला ही नहीं गया बल्कि एवरेज बिल दिया गया था। इसके बाद जुलाई माह में काॅरपाेरेट स्तर से फील्ड अधिकारियों को टारगेट दिया गया। टारगेट पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों को इस बात का अल्टीमेटम दिया गया था कि उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है, जिसके चलते अधिकारियों द्वारा भी भरसक प्रयास किया गया मगर टारगेट के करीब पहुँचकर भी कुछ अधिकारी पीछे रह गए। बताया जाता है कि अब इन अधिकारियों को अगस्त माह का अलग से टारगेट दिया जाएगा। जिसमें इस बार पिछले माह की बकाया राशि भी जोड़ी जाएगी।
फिर चलने लगी पेड़ों पर बिजली कंपनी की मशीन
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए एक बार फिर बिजली विभाग विद्युत लाइनों को सँवारने में जुट गया है। जहाँ कहीं भी विद्युत लाइनों को पेड़ों से खतरा है उन्हें दूर करने अभियान चालू किया गया है। टहनियों को छाँटा जा रहा है ताकि हवा-पानी के दौरान ये टहनियाँ लाइनों से न टकरा जाएँ। समय रहते इन कार्यों को कर बिजली अधिकारी आने वाले बड़े फॉल्ट और शार्ट सर्किट से बचाव कर रहे हैं। सभी संभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेड़ों की छँटाई के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार के बाद अभियान में तेजी
पश्चिम संभाग कार्यपालन अभियंता हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मौसम में आ रहे बदलाव व तेज हवा चलने, पानी गिरने की संभावना को देखते हुए विद्युत लाइनों का मेंटेनेंस कार्य तेजी से किया जा रहा है। खासकर ऐसी विद्युत लाइनों का निरीक्षण कराया जा रहा है जिनके आसपास बड़े और पुराने वृक्ष हैं। जहाँ कहीं भी वृक्षों की टहनियाँ विद्युत लाइनों से सटकर जा रही हैं उन्हें छँटवाया जा रहा है। सभी एई और जेई को उनके क्षेत्रों में निरीक्षण कर विद्युत लाइनों को चैक करने निर्देशित किया गया है।
खतरनाक वृक्षों को चिन्हित किया जा रहा
पिछले वर्ष तेज आँधी चलने से सबसे ज्यादा उत्तर, दक्षिण और विजय नगर संभागों में पेड़ों से विद्युत लाइनों को नुकसान पहुँचा था। बड़े और कमजोर पेडों के लाइनों में गिरने से पूरी लाइनें हीं टूटकर बिखर गई थीं। पूर्व में आई परेशानियों को ध्यान में रखकर अब इन सभी संभागों में खतरनाक वृक्षों को चिन्हित किया जा रहा है। काफी पुराने और ऐसे वृक्ष जो कमजोर नजर आ रहे हैं उनकी सूची तैयार की जा रही है ताकि यह सूची नगर निगम को देकर, समय रहते इनकी कटाई-छँटाई कराई जा सके।
वर्जन…सभी को निर्देशित किया है
विद्युत लाइनों को छूने वाली टहनियों की कटाई लगातार की जाती है। वर्तमान में सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मौसम में आ रहे बदलाव के चलते इस कार्य में तेजी लाई जाए।
-आईके त्रिपाठी, एसई सिटी
0