Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रायपुर20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पृथ्वी विज्ञान विभाग की ओर से जारी इस तस्वीर में लाल बिंदु से भूकंप का केंद्र दर्शाया गया है।
- बिलासपुर से 122-125 किमी उत्तर पश्चिम में था भूकंप का केंद्र
- रिक्टर पैमाने पर 3.7 की तीव्रता आंकी गई, कमजोर इमारतों को नुकसान की आशंका
छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश की सीमा पर आज दोपहर भूकंप आया है। इसकी वजह से अमरकंटक क्षेत्र के इलाकों में लोगों को झटका लगा है। इसका केंद्र बिलासपुर से 122 से 125 किमी उत्तर-पूर्व की ओर बताया जा रहा है। मौसम विभाग ने रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी है।
दोपहर 12.55 से एक बजे के बीच करीब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित अमरकंटक और मध्अय प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा के गांवों में भूकंप के झटके महसूस हुये। कोरिया जिले के चिरमिरी, मनेन्द्रगढ़ और बैकुंठपुर में भी भूकम्प के झटके महसूस किये गये। झटका कुछ सेकंड का ही रहा लेकिन लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आये। अभी तक किसी नुकसान की खबर नहीं है। पेण्ड्रा के कुछ घरों में हल्की दरारें आने की बात सामने आ रही है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, यह 3.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप था। इसकी गहराई सतह से 10 किमी गहराई पर थी। इसकी वजह से बड़े नुकसान की आशंका नहीं है। लेकिन कच्चे घरों और कमजोर इमारतों को इसकी वजह से नुकसान हुआ होगा।
पिछले वर्ष बस्तर-ओडिशा सीमा पर लगे थे झटके
छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश का यह इलाका भूकंप संभावित क्षेत्रों में नहीं है। इसलिये अभी किसी को याद नहीं है कि इस इलाके में आखिरी बार भूकंप कब आया था। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया, पिछले वर्ष अगस्त-सितम्बर में बस्तर और ओडिशा की सीमावर्ती जिलों में बेहद हल्का झटका महसूस किया गया था।