- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- For The First Time, 11 Thousand People Got Vaccinated Together, 34 People Defeated Corona And Reached Their Home From Medical College.
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रतलाम14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- राष्ट्रीय स्वयंसेवक घर-घर पहुंचे और कहा- केंद्र चलिए और टीका लगवाइए
कोरोना के डर और चिंतित करने वाली खबरों से परे आज हम आपको सबसे पहले राहतभरी खबरें दे रहे हैं। कोरोना को हराने रविवार को पहली बार जिले में एक दिन में 11 हजार से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन लगवा ली। लॉकडाउन के बावजूद टीकाकरण केंद्रों पर उत्साह दिखा, 45 केंद्रों पर 70% से ज्यादा लोग टीका लगवाने पहुंचे। अब टीकाकरण केंद्रों पर आपका इंतजार हो रहा है… क्योंकि, वैक्सीन से ही हम कोराेना को हराएंगे… अभी 45 साल से ज्यादा उम्र के 71,157 लोगों को ही टीके लगे हैं, जबकि, जिले में 3.36 लाख लोग इस उम्र के दायरे में हैं। बाजना जनपद पंचायत के तहत चिकनी के वैक्सीनेशन सेंटर में पंचायत सचिव अनुपस्थित मिला। सेंटर पर पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी। जिला पंचायत सीईओ ने पंचायत सचिव को निलंबित किया है।
आज 168 केंद्रों पर टीकाकरण : सोमवार को जिले में 168 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। शहर मेंं पुराना कलेक्ट्रेट, औद्योगिक क्षेत्र, बाल चिकित्सालय, रेलवे हॉस्पिटल, सामुदायिक भवन अलकापुरी, सामुदायिक भवन जवाहर नगर, आयुष हॉस्पिटल, जैन काश्यप सभागृह, गुरुनानक सिंधु भवन, माहेश्वरी भवन, सूरज हाल, नानेश निकेतन, दिलीप नगर, लोकेंद्रनाथ भवन हरमाला रोड, मोहन टॉकीज, पोरवाल इंडस्ट्रीज डोसी गांव, विनोबा नगर स्कूल, हाकिमवाड़ा स्कूल में टीका लगेगा।
कोरोना को दी मात : अब होम आइसोलेट रहना होगा ताकि न फैले संक्रमण
मेडिकल कॉलेज से रविवार को 34 मरीज ठीक होकर घर पहुंचे। विधायक चेतन्य काश्यप, कलेक्टर गोपालचंद्र डाड और प्रभारी डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने कॉलेज पहुंचकर सभी को शुभकामनाएं दी। सभी को मास्क लगाने के लिए प्रेरित करने की नसीहत दी। खाचरोद के सर्वेश धाकड़ ने बताया वे माताजी के इलाज के लिए कॉलेज आए थे, खुद संक्रमण का शिकार हो गए। बेहतर उपचार मिला। रतलाम के विमल जैन ने बताया 5 दिन उनका कॉलेज में इलाज चला, परेशानी नहीं हुई।
वैक्सीन उत्सव… लोगों में उत्साह ऐसा कि 18 केंद्रों पर 100 प्रतिशत से ज्यादा हो गया टीकाकरण
- जिले में पहली बार 159 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई गई। अब तक अधिकतम 50 के आसपास ही केंद्र होते थे।
- वैक्सीनेशन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलना था, कुछ केंद्रों पर लोग आने से 5 बजे बाद भी टीके लगे।
- जिले में सबसे ज्यादा वैक्सीन धौंसवास केंद्र पर लगी, यहां 100 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य था, 260 लोग पहुंचे।
- जिले के 45 केंद्रों पर 70 फिसदी से ज्यादा टीके लगे, 28 केंद्रों पर 50 से 70 प्रतिशत के बीच लोग वैक्सीन लगवाने पहुंचे।
- निराशाजनक ये भी है कि 28 केंद्रों पर 10 प्रतिशत लोग टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचे। 9 केंद्रों पर 0 प्रतिशत टीकाकरण हुआ, इनमें धामनोद, बोदना, पलसोड़ा, कुंदनपुर, भूतपाड़ा, केलड़ा, भल्लाकमल, मकोडियारूंडी, बाजना और तीन निजी अस्पताल शामिल हैं।
- स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 45 साल से ज्यादा उम्र के 3.36 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य लिया है, इनमें से 71 हजार ने ही वैक्सीन लगवाई है।
- जिले में 96,219 लोगों को वैक्सीन लगी है। जिले में 7932 फ्रंटलाइन वर्कर हैं, 100% ने पहला डोज, 58% को दूसरा डोज लग गया है। 8233 हेल्थकेयर वर्कर है, 91.87% ने पहला डोज, तो 65.53 ने दूसरा डोज लगवाया है।
सुविधा मरीजों और परिजन में संवाद बना रहे इसलिए मेडिकल कॉलेज में हेल्प डेस्क बनाई
मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के परिजन की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाई है। आईसीयू और एचडीयू में भर्ती मरीजों के परिजन दोपहर 1 से 3.30 बजे तक के बीच मिल सकेंगे। एक दिन में सिर्फ एक बार। अन्य वार्ड में भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी हेल्प डेस्क पर दी जाएगी। इसके परिजन सुबह 11 से 1 बजे के बीच हेल्प डेस्क (9407196101) पर संपर्क कर सकेंगे। इसी दौरान परिजन दवाई और अन्य सामग्री दे सकेंगे। आईसीयू में भर्ती मरीजों को अस्पताल से ही भोजन दिया जाएगा।
25% कर्मचारियों के संग होगा विभागों में काम
सोमवार से सरकारी कार्यालय 25 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ खुलेंगे। ड्यूटी रोटेशन के आधार पर लगाई जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने अमले को संक्रमण से बचाने के लिए इसके निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके मुताबिक कलेक्टर अपनी व्यवस्थाएं बनाएंगे। अभी निजी कार्यालयों को लेकर काई निर्देश जारी नहीं हुए हैं।
टीके के लिए कई संस्थाओं के शिविर लगे
रविवार को संस्थाओं ने भी शिविर लगाए। मालवा चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के 425 से ज्यादा श्रमिकों को टीके लगे। चेंबर के वरुण पोरवाल, वीरेंद्र पोरवाल, संस्कार कोठारी सहित अन्य मौजूद थे। माहेश्वरी समाज के कसारा बाजार में टीकाकरण हुआ, 240 लोगों को टीके लगे। समाज अध्यक्ष शैलेंद्र डागा, डॉ. बीएल तापड़िया, नरेंद्र बाहेती मौजूद थे।
एक साल पहले … 200 सैम्पलों की रिपोर्ट का था इंतजार
लॉकडाउन में 24 प्रकरण बने थे : एक साल पहले 12 अप्रैल 2020 को 122 कोरोना संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट का इंतजार था, रतलाम में सुविधा नहीं होने से सैंपल को उज्जैन-भोपाल जांच के लिए भेजा जा रहा था। इधर, लॉकडाउन में दुकान खोलने पर 24 प्रकरण बने थे, होम डिलेवीरी सिस्टम फेल होने के कारण घर-घर मैजिक से सब्जी ले जाने का फैसला हुआ जो पसंद किया गया।
आज : शहर में इतने सैंपल हैं कि मेडिकल कॉलेज में सुविधा होने के बावजूद जांच के लिए बाहर भेजना पड़ रहे हैं। अहमदाबाद से रिपोर्ट आने का इंतजार है। लॉकडाउन में सभी दुकानें बंद हैं। दूध घर पहुंच रहा है, सब्जी वाले ठेले लेकर घरों तक जा रहे हैं।