TOP 10 Sports News: 12 अप्रैल की 10 बड़ी खबरें.
पंजाब किंग्स ने आईपीएल में जीत के साथ आगाज किया है. टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 4 रन से हराया. पिछले सीजन के दोनों मुकाबले में पंजाब को हार मिली थी. लेकिन इस बार पंजाब ने उलटफेर नहीं होने दिया. इस बीच बीसीसीआई ने कोरोना के कारण इस बार भी महिला टी20 चैलेंज 3 टीमों के साथ ही कराने का फैसला किया है.
नई दिल्ली. पंजाब किंग्स ने सांस राेक देने वाले मैच में राजस्थान राॅयल्स को 4 रन से हराया. इसके साथ टीम ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में जीत के साथ आगाज किया है. पंजाब ने पहले खेलते हुए 221 रन बनाए. जवाब में राजस्थान की टीम लक्ष्य तक पहुंच गई थी. लेकिन अंतिम गेंद पर संजू सैमसन के आउट होन के कारण उसे जीत मिली. राजस्थान की टीम 217 रन ही बना सकी. सैमसन ने शानदार शतक लगाया. इस बीच बीसीसीआई ने इस सीजन में भी महिला टी20 चैलेंज में टीमों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं करने का निर्णय लिया है. 12 अप्रैल की TOP 10 Sports News इस तरह हैं:
पंजाब किंग्स ने आईपीएल के अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स को 4 रन से मात दी. पंजाब ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 221 रन बनाए. जवाब में राजस्थान की टीम ने 7 विकेट पर 217 रन ही बना सकी. राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने शानदार 119 रन बनाए. लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके. वे बतौर कप्तान पहले ही मैच में शतक लगाने वाले आईपीएल के पहले खिलाड़ी बने.
बीसीसीआई महिला टी20 चैलेंज टूर्नामेंट का आयोजन पहले की तरह तीन टीमों के साथ ही कर सकता है. बोर्ड ने पिछले साल चार टीमों के साथ इसके आयोजन की योजना बनाई थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे तीन टीम तक ही सीमित रखा जाएगा.
आईपीएल में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने डेब्यू किया. राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ मौका दिया. सकारिया ने पहले ही मैच में तीन विकेट झटके. हालांकि उनके लिए लीग में खेलना आसान नहीं रहा. तीन महीने पहले जनवरी में उनके छोटे भाई ने आत्महत्या कर ली थी.
भारतीय विकेटकीपर दिनेश कार्तिक इस साल इंग्लैंड में होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट ‘द हंड्रेड’ में कॉमेंट्री करते नजर आएंगे. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड इस टूर्नामेंट का आयोजन कर रहा है. भारत और इंग्लैंड के बीच हाल ही में हुई सीमित ओवर की सीरीज में भी वे स्काय स्पोर्ट्स की कॉमेंट्री पैनल का हिस्सा थे. इसी कारण से उन्हें द हंड्रेड लीग के कॉमेंट्री पैनल में चुना गया है.
जॉर्ज लिंडे के हरफनमौला खेल के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान को छह विकेट से हराया. इसके साथ चार मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई. लिंडे ने 20 रन की नाबाद पारी खेलने से पहले तीन विकेट भी झटके. पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 9 विकेट पर 140 रन बनाए. दक्षिण अफ्रीका ने 14 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
पोलैंड में आज से शुरू हो रही युवा विश्व चैंपियनशिप में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) बाउट समीक्षा प्रक्रिया को लागू करेगा. इसे 2019 में सीनियर स्तर पर लागू किया गया था. एआईबीए के मुताबिक, ‘यह पहली बार है जब युवाओं की प्रतियोगिताओं में बाउट समीक्षा प्रक्रिया को लागू किया जाएगा.’ हारने वाले मुक्केबाज के टीम मैनेजर या मुख्य कोच के पास फैसले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए 30 मिनट का समय होगा.
ऑस्ट्रिया का इन्सब्रुक और इटली का तुरिन मैड्रिड के साथ मिलकर डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल्स की मेजबानी करेंगे. अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) ने यह जानकारी दी. आईटीएफ ने कहा कि इन्सब्रुक और तुरिन को प्रभावी बोली पेश करने के बाद चुना गया, क्योंकि टूर्नामेंट के लिए विश्व स्तरीय खिलाड़ियों और प्रशंसकों की मौजूदगी के साथ टूर्नामेंट के लिए पहुंचने वाले सभी लोगों के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षा के कड़े कदम सुनिश्चित होंगे. टूर्नामेंट का आयोजन हार्ड कोर्ट पर 25 नवंबर से पांच दिसंबर तक होगा.
भारतीय महिला मुक्केबाजों के राष्ट्रीय शिविर का हिस्सा दो सहायक कोच कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई हैं और उन्हें हल्के लक्षणों के बीच क्वारंटाइन में रखा गया है. टीम के करीबी एक सूत्र ने पॉजिटिव नतीजों की पुष्टि की. टीम इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में ट्रेनिंग कर रही है.
वेरोनिका कुदेरमेतोवा ने वोल्वो कार ओपन टेनिस के फाइनल में डानका कोविनिच को हराकर एकल वर्ग में डब्ल्यूटीए का पहला खिताब अपने नाम किया. रूस की 23 साल की खिलाड़ी ने 2016 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंची कोविनिच 6-4, 6-2 से हराया. सत्र के पहले क्ले कोर्ट टूर्नामेंट की चैम्पियन बनने के दौरान उन्होंने एक भी सेट नहीं गंवाया. इससे पहले सेरेना विलियम्स ने 2012 में यह कारनामा किया था.
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ओलंपिक चैम्पियन अर्जेंटीना को दूसरे मैच में 3-0 से हराकर एफआईएच प्रो लीग अंकतालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई. भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह, ललित उपाध्याय और मनदीप सिंह ने गोल दागे. इससे पहले भारत ने पहले मैच में अर्जेंटीना को शूटआउट में हराकर एक बोनस अंक हासिल किया था. भारत के आठ मैचों में 15 अंक हो गए हैं.