Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- शाम 6 बजे ही प्रशासनिक अधिकारियों ने बाजार कराया बंद, उल्लंघन पर कार्रवाई भी
कोरोना की चेन तोडऩे के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शुक्रवार की शाम 6 से बुधवार की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन घोषित किया गया है। इसी तारतम्य में शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने शाम 6 बजे के बाद निरीक्षण किया। खुले हुए प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया। लॉकडाउन के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। सिहोरा, मझौली, कटंगी, पाटन, कुंडम, पनागर, गोसलपुर, बरेला, बरगी सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में पाबंदियां लगाई गई हैं।
बरेला: सड़क पर निकले अधिकारी- 22 अप्रैल तक घोषित लॉकडाउन के परिपालन के लिए शुक्रवार शाम अधिकारी सड़क पर उतरे। एसडीएम, नायब तहसीलदार ने नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर प्रतिष्ठान बंद कराए। बस स्टैंड में चैकिंग अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान लोगों को मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो करने की सलाह भी दी गई।
गोसलपुर: अनाउंसमेंट कराके दी सूचना- गोसलपुर, कछपुरा, बरनू तिराहा, जुझारी स्टेशन पर अनाउंसमेंट करके लॉकडाउन की सूचना दी गई। लॉकडाउन का निर्णय गुरुवार को व्यापारियों, प्रशासनिक अधिकारियों व आम नागरिकों की बैठक में लिया गया था। लॉकडाउन के लिए सरपंच सुखदेव पटेल ने लिखित आवेदन तहसीलदार राकेश चौरसिया व थाना प्रभारी संजय भलावी को दिया है। लॉक का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। तहसीलदार ने बताया, व्यापारियों द्वारा पांच दिन के लॉकडाउन का निर्णय स्वैच्छिक है। इसमें शासन का पूरा सहयोग रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। मास्क न पहनकर बेवजह घूमने वालों को अस्थाई जेल में बंद किया जाएगा।
मझौली: जारी रहेंगीं आवश्यक सेवाएं- मझौली में भी लॉकडाउन घोषित किया गया है। इस दौरान पूरे व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। शुक्रवार को प्रशासन ने सभी दुकानों को बंद कराया।
इससे सन्नाटा पसरा रहा। बुधवार तक घोषित लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति जारी रहेगी। मेडिकल स्टोर्स, डेयरी, पेट्रोल पंप, गैस डिलिवरी जारी रहेगी। फल एवं सब्जी चलित ठेलों द्वारा सप्लाई होगी।
सिहोरा: 6 बजते ही बाजार बंद कराने निकले अधिकारी
शुक्रवार को शाम 6 बजते ही प्रशासनिक अधिकारी सड़क पर उतर आए। अधिकारियों ने नगर का निरीक्षण किया। अधिकारियों को आते देख दुकानदारों ने अपनी शटरें गिरा दीं। चंद मिनट में ही सिहोरा पूरी तरह बंद हो गया। कृषि उपज मंडी सचिव संतोष गौड़ ने बताया, अनाज व्यापारी कल्याण संघ ने 17 से 23 अप्रैल तक मंडी में घोस विक्रय बंद रखने का निर्णय लिया है। वहीं 24 एवं 25 अप्रैल को शासकीय अवकाश है, जिसके चलते दो दिन अतिरक्ति मंडी बंद रहेगी। वहीं ब्लॉक में 5 नए संक्रमित मिले हैं। दो गोसलपुर में एवं तीन कूम्ही सतधारा में संक्रमित मरीज मिले हैं।
बघराजी: बैठक में दी जानकारी- कुंडम तहसीलदार प्रदीप कौरव ने बघराजी में आम पब्लिक और व्यापारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने लोगों को 16 से 22 अप्रैल तक लगने वाले लॉकडाउन की जानकारी दी। उप सरपंच गीता प्रणव सोनी ने आवश्यक सेवाएं जारी रखने की बात रखी। बैठक में पूर्व प्राचार्य एमएल बागरी, मनीष सोनी, विजय साहू, बंटी पाठक, ओंकार साहू, राजकुमार विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।
पाटन: नगर में मिले 9 पॉजिटिव – पाटन नगर में शुक्रवार को 9 नए पॉजिटिव मिले हैं। इससे ब्लॉक में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 109 हो गई है। वहीं दो मरीजों को कोरोना संक्रमण से मौत भी हो चुकी है। सभी नए मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होम क्वारंटीन किया है। वहीं लॉकडाउन के चलते शुक्रवार शाम 6 बजे ही व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हो गए।
पनागर: मास्क नहीं लगाने पर काटे चालान- पनागर क्षेत्र में घोषित 22 अप्रैतल तक घोषित लॉकडाउन के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों ने बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना मास्क के घूम रहे 10 लोगों के चालान काटे गए हैं। इस अवसर पर तहसीलदार नीता कोरी, थाना प्रभारी आरके सोनी, सीएमओ शेलेन्द्र कुमार ओझा सहित राजस्व व पुलिस अमला मौजूद रहा। वहीं पनागर ब्लॉक में फिर 9 पॉजिटिव मिले हैं। इसमें 8 पनागर नगर के वहीं एक मरीज ग्रामीण क्षेत्र का है। प्रताप वार्ड निवासी 26 वर्षीय पुरुष, मौलाना वार्ड निवासी 30 वर्षीय पुरुष, 30 वर्षीय महिला, 23 वर्षीय युवती, बम्हनौदा निवासी 35 वर्षीय पुरुष, गुरुनानक वार्ड निवासी 38 वर्षीय पुरुष, 24 वर्षीय युवक, जगमोहन वार्ड निवासी 36 वर्षीय युवक, विद्यासागर वार्ड निवासी 65 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।