दीपक चाहर ने पंजाब के खिलाफ IPL मुकाबले में 4 विकेट झटके (PTI)
IPL 2021 CSK vs PBKS Highlights: चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 26 गेंद शेष रहते ही 4 विकेट के नुकसान पर 107 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया.
चाहर के शानदार शुरुआती स्पैल से चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स को बल्लेबाजी का न्यौता देने के बाद आठ विकेट पर 106 रन के स्कोर पर रोक दिया. चाहर ने अपने चार में से एक ओवर मेडन फेंका और 13 रन देकर चार विकेट झटके. इस छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएससके ने हालांकि जीत दर्ज करने के लिए 15.4 ओवर लिए, जिसमें उसने चार विकेट गंवा दिए. इस तरह उसने 107 रन बनाये और दो अंक जुटाकर खाता खोला.
टीम के लिए मोइन अली ने सर्वाधिक 46 रन बनाए, जबकि फाफ डु प्लेसी ने नाबाद 36 रन का योगदान दिया. इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 46 गेंद में 66 रन की साझेदारी की. मोइन अली ने 31 गेंद का सामना करते हुए सात चौके और एक छक्का लगाया.
टीम ने हालांकि अपने सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ (05) का विकेट पांचवें ओवर में गंवा दिया, लेकिन डु प्लेसी और मोइन अली ने आराम से रन जुटा रहे थे, पर 90 रन के स्कोर पर मोइन अली आउट हो गए, जिन्हें मुरूगन अश्विन ने पवेलियन भेजा. इसके बाद टीम आसानी से लक्ष्य की ओर बढ़ रही थी, लेकिन 99 रन पर मोहम्मद शमी ने सुरेश रैना और अम्बाती रायुडू को लगातार गेंदों पर आउट कर उसकी जीत का इंतजार लंबा कर दिया. 15वें ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद अगले ओवर में टीम ने जीत हासिल की.
इससे पहले तमिलनाडु के ‘पावर हिटर’ एम शाहरूख खान ही पंजाब के एकमात्र बल्लेबाज रहे जो क्रीज पर टिक सके जिन्होंने 36 गेंद में 47 रन की पारी खेली, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल थे, लेकिन वह अंतिम ओवर में सैम कुरेन की गेंद पर आउट हो गए.
दीपक चाहर के चार विकेट के अलावा सैम कुरेन, मोइन अली और ड्वेन ब्रावो को एक एक विकेट मिला. चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने कप्तान धोनी के पहले गेंदबाजी करने के फैसले को सही ठहराते हुए पावरप्ले में पंजाब किंग्स के 26 रन पर चार विकेट झटक लिए.
इसमें अहम भूमिका चाहर ने निभाई जिन्होंने पहले ही ओवर में मयंक अग्रवाल (शून्य) को खूबसूरत गेंद पर बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया. इसके बाद भी उन्होंने दबाव बनाये रखा और अपने चार ओवर के स्पैल में केवल दो चौके ही लगने दिये.
फॉर्म में चल रहे पंजाब के कप्तान केएल राहुल (05) शॉर्ट कवर पर खड़े रवींद्र जडेजा के शानदार थ्रो से रन आउट हुए, जो एक रन चुराने का प्रयास कर रहे थे. जडेजा ने इसके बाद पांचवें ओवर में डाइव करते हुए बेहतरीन कैच लपका और क्रिस गेल की 10 रन की पारी खत्म कर दी जो चाहर का दूसरा विकेट था.
निकोलस पूरन दूसरी बार शून्य पर आउट हुए, वह चाहर की शॉर्ट गेंद को लॉन्ग लेग पर शार्दुल ठाकुर के हाथों में कैच दे बैठे. दीपक हुड्डा (10) सातवें ओवर में फाफ डु प्लेसी को आसान कैच देकर आउट हुए और यह चाहर का चौथा विकेट था. अब टीम का स्कोर पांच विकेट पर 26 रन हो गया.
शाहरुख खान और झाय रिचर्डसन (15 रन, 22 गेंद, दो चौके) ने छठे विकेट के लिए 31 रन जोड़े.मुरुगन अश्विन (06) ने फिर शाहरुख खान के साथ 30 रन जोड़कर पंजाब को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की.