IPL 2021: : कायरन पोलार्ड के 201 छक्के हो गए हैं. (फोटो-पोलार्ड इंस्टाग्राम)
कायरन पोलार्ड (Kieron Pollard) ने आईपीएल (IPL 2021) के 9वें मैच (MI vs SRH) में एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वे टी20 लीग में 200 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले छठे खिलाड़ी बने.
आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के के मामले में विंडीज के क्रिस गेल टॉप पर हैं. उन्होंने अब तक 351 छक्के जड़े हैं. कायरन पोलार्ड और विराट कोहली दोनों ने ही 201 छक्के लगाए हैं. हालांकि कम मैच खेलने के कारण पोलार्ड उनसे आगे हो गए हैं. पोलार्ड ने 167 मैच में और जबकि कोहली ने 194 मैच में ऐसा किया है. इसके अलावा एबी डिविलियर्स ने 237, रोहित शर्मा ने 217 और महेंद्र सिंह धोनी ने 216 छक्के लगाए हैं.
पोलार्ड ने सीजन का सबसे लंबा छक्का जड़ा
कायरन पोलार्ड ने पारी में 105 मीटर का लंबा छक्का जड़ा. यह इस सीजन का सबसे लंबा छक्का है. पोलार्ड ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर यह छक्का लगाया. गेंदबाजी ऑफ स्पिनर मुजीब उर रहमान कर रहे थे. इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलाेर के ग्लेन मैक्सवेल के नाम सबसे लंबा छक्का लगाने का रिकॉर्ड था. उन्होंने 100 मीटर का छक्का लगाया था. इसके अलावा मुंबई के सूर्यकुमार यादव ने 99 मीटर का छक्का लगाया है.यह भी पढ़ें: IPL 2021: रोहित शर्मा ने महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा, बतौर कप्तान 4 हजार रन भी पूरे किए
मुंबई का कोई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका
मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले खेलते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 150 रन बनाए. हालांकि टीम का कोई खिलाड़ी अर्धशतक नहीं लगा सका. विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक ने 40 और पोलार्ड ने नाबाद 35 रन का योगदान दिया. कप्तान रोहित शर्मा ने भी 32 रन बनाए. हैदराबाद के लिए विजय शंकर और मुजीब उर रहमान ने 2-2 विकेट लिए जबकि खलील अहमद को एक विकेट मिला.