ऑक्सीजन से उखड़ती मौत पर पर्दा: विक्टोरिया अस्पताल में 15 लोगों की मौत, कई को सांस लेने में थी परेशानी, ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पहुंच रहे परिजन, 877 नए संक्रमित मिले

ऑक्सीजन से उखड़ती मौत पर पर्दा: विक्टोरिया अस्पताल में 15 लोगों की मौत, कई को सांस लेने में थी परेशानी, ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पहुंच रहे परिजन, 877 नए संक्रमित मिले


  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Jabalpur
  • 15 Dead In Victoria Hospital, Many Had Trouble Breathing, Relatives Carrying Oxygen Cylinders, 877 New Infected

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

जबलपुर30 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

विक्टोरिया में युवक की ऑक्सीजन फ्लो कम होने से थम गई सांसें।

  • मंडला से रेफर कोविड संक्रमित को लेकर मेडिकल पहुंचे परिजन, चार घंटे तक नहीं करा पाए भर्ती, एम्बुलेंस में ही हो गई मौत

जिले में ऑक्सीजन की किल्लत दूर करने के दावे बेमानी साबित हो रहे हैं। विक्टोरिया अस्पताल में पिछले 18 घंटों में 15 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में दंपती और 22 वर्षीय युवक शामिल हैं। सभी को सांस लेने में तकलीफ थी और ऑक्सीजन सप्लाई से प्रेशर गायब था। मौतों का मंजर देख परिजन अपने स्तर से ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में मंडला से रेफर मरीज को चार घंटे तक भर्ती नहीं किया जा सका और उसने एम्बुलेंस में ही दम तोड़ दिया। रविवार को भी कोरोना के 877 नए संक्रमित मिले। वहीं आंकड़ों में सात की मौत दर्शायी गई है। हालांकि चौहानी, तिलवारा शमशान घाट व ग्रेबियार्ड में 72 लाशों का अंतिम संस्कार हुआ।

जानकारी के अनुसार विक्टोरिया जिला अस्पताल में पिछले दो दिनों में 30 से अधिक संक्रमितों की मौत हो चुकी है। रविवार सुबह एक साथ 10 लाशें निकली थी। शाम होते-होते पांच का आंकड़ा और बढ़ गया। बढ़गैया निवासी 22 वर्षीय मयंक नाम के कोविड संक्रमित की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ऑक्सीजन का फ्लो काफी कम था। हम चिल्लाते रहे, कोई सुनने वाला नहीं था।

16 अप्रैल से भर्ती कटंगी निवासी वृद्ध दम्पत्ति छेदीलाल सोनी उनकी पत्नी गयाबाई सोनी ने दम तोड़ दिया। उन्हें भी सांस लेने में परेशानी हो रही थी। हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अपनों की उखड़ती सांसों को देखकर अब परिजन खुद से सिलेंडर का इंतजाम कर रहे हैं। कई परिजन ऑटो व स्कूटी पर सिलेंडर लेकर पहुंचे।
अस्पताल की दर पर भी नहीं मिल पाया इलाज
मंडला से रेफर होकर आए आकाशवाणी के पूर्व संवाददाता सलिल राय की मेडिकल कॉलेज जबलपुर में मौत हो गई। चार घंटे से परिजन उन्हें एम्बुलेंस से वार्ड में भर्ती कराने के लिए परेशान होते रहे। फोन की घंटियां बजती रही, लेकिन उससे पहले ही उनकी सांसें थम गईं। वरिष्ठ कथाकार राजेंद्र दानी की पत्नी सविता दानी भी कोरोना से हार गईं। मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटी में दम तोड़ा।

निजी अस्पताल में मौत पर हंगामा।

निजी अस्पताल में मौत पर हंगामा।

निजी अस्पताल में मौत पर हंगामा, लापरवाही का आरोप
शहर के शुभम निजी अस्पताल में कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए अनुमति नहीं ली गई है। बावजूद यहां कोरोना संक्रमितों का इलाज किया जा रहा है। संजीवनी नगर में किराए से रह रहे बरेला निवासी विनोद कुमार जैन की रविवार को मौत हो गई। बेटे निखिल जैन का आरोप है कि उन्हें सांस लेने में परेशानी थी।

आईसीयू में भर्ती किया गया था, लेकिन कोई देखने वाला नहीं था। ऑक्सीजन नली निकल जा रही थी। बदलने के लिए प्रबंधक मनीष शर्मा को फोन करना पड़ता था। सुबह उनके पिता का फोन आया था कि नली निकल गई है। वह नाश्ता लेकर पहुंचे, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई थी। अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।

चौहानी शमशान घाट में रात तक जलती रहीं चिताएं।

चौहानी शमशान घाट में रात तक जलती रहीं चिताएं।

72 लाशों का हुआ अंतिम संस्कार
रविवार को एक बार फिर लाशों की कतारें लग गईं। चौहानी शमशान घाट में आठ से 10 घंटे बाद लाशों का नंबर आया। यहां रात तक अंतिम संस्कार हुआ। 54 शवों में 25 मोक्ष संस्था ने और अन्य का नगर निगम ने किया। वहीं तिलवारा में 15 संक्रमितों को जलाया गया। जबकि बिलहरी स्थित ग्रेबियार्ड में तीन शवों को दफनाया गया। इसके अलावा रानीताल मुस्लिम कब्रिस्तान में भी कुछ शव दफनाए गए, लेकिन इसका आंकड़ा नहीं मिल पाया है। मृतकों में पांच ने घर में दम तोड़ दिया था।
एक दिन बाद फिर हुआ कोराना विस्फोट, 877 नए संक्रमित

शनिवार को कोरोना के संक्रमित की संख्या 800 से कम थी, लेकिन रविवार को आंकड़ा नए संक्रमितों का 877 पहुंच गया। जिले में अब कुल एक्टिव केस 5606 पहुंच चुकी है। वहीं कुल संक्रमितों की संख्या 27 हजार 408 हाे चुकी है। रविवार को 660 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। कोरोना से अब तक कुल 21 हजार 462 लोग ठीक हो चुके हैं। सरकारी आंकड़े में रविवार को कोरोना से सिर्फ 7 लोगों की मौत हुई। रिकवरी रेट घटकर 81.95 प्रतिशत पर आ गया है।
संक्रमण बढ़ने के बाद अस्पतालों में बढ़ी अव्यवस्था
एक तरफ संक्रमण बढ़ रहा है। दूसरी ओर अस्पतालों में अव्यवस्था बढ़ती जा रही है। रेमडेसिविर के लिए परिजनों को पर्चा देकर भटकाया जा रहा है। जबकि जिला प्रशासन का दावा था कि अस्पतालों को रेमडेसिविर इंजेक्शन आंवटित किया जा चुका है। बेड की किल्लत बनी हुई है। अस्पतालों के बाहर लोग इस इंतजार में खड़े रह रहे हैं कि किसी की मौत के बाद उनके मरीज को बेड मिल जाएगा।
शिकायत करने पर डॉक्टर धमका रहे
जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज के परिजन ने बताया कि ऑक्सीजन और उपचार नहीं मिलने की शिकायत पर डॉक्टर धमकी दे रहे है। बोलते है जहां इलाज मिले ले जाओ। रात में समस्या बढ़ने पर अस्पताल में कोई सुनवाई नहीं होती। डॉक्टर को इलाज के लिए कहने पर अभद्रता पर उतारु हो जाते है। स्वास्थ्य अधिकारी को समस्या बताओ तो कहते हैं कि मैं इस्तीफा देकर चला जाता हूं। मेडिकल में जूनियर डॉक्टर की अभद्रता मरीजों पर भारी पड़ने लगा है।
हालात का इसी से लगा सकते हैं अंदाजा

  • रेमडेसिविर इंजेक्शन को लेकर पूरे शहर में हाहाकार मचा हुआ है।
  • कलेक्टर से लेकर सीएमएचओ, ड्रग इंस्पेक्टर, एसडीएम तक फोन रिसीव नही करते। परिजन ठोकरें खाने मजबूर हो रहे हैं।
  • अधिकारी और सरकार कह रही है कि अस्पतालों में ही मरीज को रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध करवाया जाएगा जबकि ऐसा नहीं हो रहा है।
  • मन्नूलाल अस्पताल में मुकेश सिंह राजपूत नामक मरीज को डॉक्टर ने रेमडेसिविर इंजेक्शन लगने कहा और पर्ची बनाकर दे दी कि इंतजाम करके लाओ।
  • रेमडेसिविर इंजेक्शन पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा बोले मैंने दवाई की दुकान नहीं खोली है जिस अस्पताल में भर्ती कराया है उसी से मांगो।
  • मरीज भटके ना इसलिए अस्पतालों में खाली बिस्तर की जानकारी कमांड कंट्रोल रुम से दी जा रही है। अस्पताल जाने पर वहां बेड फुल बता कर लौटा दे रहे हैं
  • ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता के दावे और हकीकत में बहुत अंतर है। मरीजों को पर्याप्त फ्लो में ऑक्सीजन न मिलने से सांसे उखड़ रही है।

हरिद्वार कुंभ से लौटे श्रद्धालुओं की सूचना दें
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने हरिद्वार कुंभ मेला से लौटे श्रद्धालुओं की सूचना जिला स्तरीय कोरोना कंट्रोल एवं कमांड सेंटर को हेल्पलाइन नंबर 0761- 2637500 से 0761- 2637505 पर दें अथवा कलेक्टर कार्यालय के कन्ट्रोल रूम को फोन नम्बर 0761- 2623925 पर सूचना देने की अपील की।

खबरें और भी हैं…



Source link