Virendra Sehwag ने इशारों इशारों में Preity Zinta को किया ट्रोल, Maxwell की पारी के बाद शेयर किया Meme

Virendra Sehwag ने इशारों इशारों में Preity Zinta को किया ट्रोल, Maxwell की पारी के बाद शेयर किया Meme


नई दिल्ली: आईपीएल 2021 (IPL 2021) के 10 वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 38 रनों से करारी शिकस्त दी. ये मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने दूसरे ही ओवर में कप्तान कोहली और रजत पाटीदार का विकेट गंवा दिया. जिसके बाद ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) क्रीज पर आए और धमाल मचा दिया.

मैक्सवेल की धमाकेदार पारी

मैच में जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद आरसीबी की पारी लड़खड़ाती हुई दिख रही थी. लेकिन ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने मैदान में उतरते ही तूफान मचा दिया. मैक्सवेल ने देवदत्त पडीक्कल के साथ मिलकर टीम की पारी को संभाला. उन्होंने महज 28 गेंदों में अर्धशतक ठोक डाला. उन्होंने 49 गेंदों पर 9 चौके और तीन छक्कों की मदद से 78 रन की पारी खेली.

वीरेंद्र सहवाग ने शेयर किया मजेदार मीम

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (Virendra Sehwag) ने मैक्सवेल की इस शानदार पारी के बाद ट्विटर पर एक मजेदार मीम्स शेयर किया है. उन्होंने इस मीम्स के जरिए पंजाब किंग्स के मालिकों को ट्रोल किया. इस साल हुए रिटेंशन में पंजाब किंग्स ने मैक्सवैल को पिछले साल उनके खराब प्रदर्शन के बाद रिलीज कर दिया था.

वीरेंद्र सहवाग (Virendra Sehwag) ने ट्वीट कर बॉलीवुड फिल्म लूडो का एक सीन शेयर किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा कि मैक्सवेल को इस आईपीएल में उनकी क्षमता के मुताबिक खेलते हुए देखकर अच्छा लगा.

बता दें कि पंजाब किंग्स की तरफ से मैक्सवल (Glenn Maxwell) ने आईपीएल 2020 में 13 मैचों में सिर्फ 108 रन बनाए थे और इस साल बैंगलोर ने इस बार ऑक्शन में मैक्सवेल को 14.25 करोड़ खर्च करके टीम से जोड़ा था.

आरसीबी ने जीता मुकाबला

मुकाबले में बैंगलोर (RCB) की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 204 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 166 रन ही बना सकी और आरसीबी ने लगातार तीसरा मैच अपने नाम किया.





Source link