IPL 2021: शिखर धवन ने 92 रन ठोक दिलाई दिल्ली को जीत (फोटो-पीटीआई)
दिल्ली कैपिटल्स के सीनियर बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने पंजाब के खिलाफ महज 49 गेंदों में 92 रन ठोके. धवन की दमदार पारी ने दिल्ली को 6 विकेट से जीत दिलाई.
शिखर धवन को अकसर टी20 में धीमी बल्लेबाजी के लिए आलोचना का शिकार होना पड़ता है. यही वजह है कि टीम इंडिया में भी उनपर दूसरे खिलाड़ियों को तरजीह दी जाती है हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी धवन को महज 1 मैच के बाद बाहर कर दिया गया. लेकिन धवन ने आईपीएल 2021 के पहले तीन मैचों में ही दिखा दिया है कि वो टी20 क्रिकेट के लिए भी बने हैं.
आईपीएल 2021 में सबसे ज्यादा रन
शिखर धवन आईपीएल 2021 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. धवन के बल्ले से इस सीजन में 3 पारियो में 186 रन निकले हैं. धवन का औसत 62 और स्ट्राइक रेट 163.15 है. धवन ने दो अर्धशतक लगाए हैं और दोनों ही मैचों में उन्होंने टीम को जीत दिलाई और वो मैन ऑफ द मैच भी बने.धवन को चेज पसंद है
आपको बता दें जब भी टीम चेज करके जीत हासिल करती है उसमें शिखर धवन का बल्ला जरूर रन उगलता है. धवन ने आईपीएल में चेज करते हुए जीते हुए मैचों में 18 अर्धशतक लगाए हैं और उनका औसत 63.51 है. धवन के बाद गंभीर ने भी 18 अर्धशतक लगाए हैं, वहीं वॉर्नर ने 17 हाफसेंचुरी जमाई हैं. बता दें आईपीएल में धवन सबसे ज्यादा 50 से ज्यादा स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी हैं. उन्होंने 45 बार 50 से ज्यादा रनों की पारी खेली है. इस मामले में विराट (44) धवन से पीछे हैं.
शिखर धवन ने साल 2017 से अपने खेल में जबर्दस्त बदलाव किया है. 2008 से 2016 तक धवन को महज 1 मैच में मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला लेकिन पिछले पांच साल में धवन ने 9 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते हैं. साल 2018 से अबतक धवन ने 8 मैन ऑफ द मैच जीते हैं जो कि सभी भारतीयों में सबसे ज्यादा हैं. इस मामले में 9 मैन ऑफ द मैच के साथ एबी डिविलियर्स नंबर 1 हैं. साफ है शिखर धवन टी20 क्रिकेट में भी तेजी से बल्लेबाजी करते हैं और टीम को मैच जिताते हैं. ऐसे में टीम इंडिया को और खासतौर पर विराट कोहली और रवि शास्त्री को इस बात को समझने की जरूरत है.