आगर मालवा जिले में कोरोना को भगाने के लिए ग्रामीणों ने टोटका आजमाया.
अंधविश्वास: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ग्रामीणों ने आयोजित की मशाल दौड़. ‘भाग कोरोना भाग’ की आवाज लगाते हुए मशाल लेकर दौड़ रहे लोगों का Video वायरल.
आगर जिले के गणेशपुरा गांव में रात के अंधेरे में दौड़ते लोगों का यह वीडियो सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है. ग्रामीणों का मानना है कि गांव से महामारी भगाने का यह टोटका पुराना है. लोगों का मानना है कि इस टोटके से कोरोना उनके गांव से चला जाएगा और लोगों की जान बच जाएगी. ग्रामीणों ने कहा कि उनके बुजुर्गों ने बताया है कि गांव में जब भी कोई महामारी आती थी, तब उसका नाम लेकर रविवार और बुधवार की रात में लोग मशाल लेकर दौड़ते थे. इस मशाल को गांव के बाहर किसी निर्जन स्थान पर फेंक दिया जाता था, जिसके बाद महामारी का प्रकोप गांव से हट जाता था.

गणेशपुरा के ग्रामीणों के मुताबिक कोरोना वायरस भी महामारी है, जिसे गांव से भगाने के लिए उन्होंने इस टोटके का सहारा लिया. रविवार की रात गांव के कुछ युवा अपने-अपने घरों से हाथों में मशाल लेकर निकले और ‘भाग कोरोना भाग’ की आवाज लगाते हुए गांव के बाहर तक दौड़ लगाई. रात के 11 बजे हुई इस अंधविश्वास की दौड़ का यही वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. गणेशपुरा के लोगों ने बताया कि उनके गांव में भी कोरोना का प्रकोप है. पिछले कुछ दिनों में गांव के कई लोगों को बुखार और अन्य लक्षण दिखे हैं. कुछ लोगों की तो मौत भी हुई है. इसलिए सभी गांव वालों ने मिलकर इस टोटके को आजमाने का फैसला किया.