नई दिल्ली: IPL 2021 में कोरोना वायरस की एंट्री उस समय हुई जब कोलकाता नाइट राइडर्स के क्रिकेटर वरूण चक्रवर्ती और संदीप वारियर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया. इसके कारण सोमवार शाम को प्रस्तावित रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच को तुरंत टाल दिया गया. अब IPL टूर्नामेंट पर रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है.
शाहरूख खान ने हौसला बढ़ाया
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में अचानक हलचल भरे माहौल के बीच टीम के मालिक शाहरूख खान ने KKR के खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बातचीत की है. इस बात का खुलासा KKR टीम के बल्लेबाज शेल्डन जैक्सन ने किया और और ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी.
मुश्किल हालात में टीम को मिला शाहरुख का साथ
शेल्डन जैक्सन ने बताया कि किस तरह मुश्किल हालात में टीम के मालिक शाहरूख खान ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया है. जैक्सन ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘शाहरूख खान, CEO वैंकी मैसूर और जय मेहता सर का शुक्रिया. उन्होंने इतने मुश्किल हालात में सभी खिलाड़ियों का साथ दिया और उनका हौसला बढ़ाया. मुझे बहुत खुशी है कि मैं ऐसी टीम का हिस्सा हूं.’
Thank you so much @iamsrk , @VenkyMysore and jay mehta sir , for comforting us and giving us the confidence that as owners and as a franchise you have our backs, makes me so happy to be a part of such a team
— Sheldon Jackson (@ShelJackson27) May 3, 2021
क्या था पूरा मामला?
बता दें कि 3 मई को KKR और RCB के बीच IPL मैच को कोलकाता नाइट राइडर्स टीम में कुछ खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद स्थगित कर दिया गया. लेग स्पिनर चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज वॉरियर को क्वारंटाइन में रखा गया है. ये दोनों 30 साल के हैं. इन दोनों में से वॉरियर को मौजूदा सीजन में अब तक केकेआर के सात मैचों में से एक में भी खेलने का मौका नहीं मिला है. केकेआर ने अपना पिछला मुकाबला 29 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अहमदाबाद में खेला था और पॉजिटिव नतीजे आने के बाद टूर्नामेंट में घबराहट की स्थिति हो सकती है.