Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गांव में जांच करते अधिकारी
- हर घर में खांसी-जुकाम के मरीज, लेकिन टेस्ट नहीं करा रहे
- इस तरह के गांव निकलने पर जिला प्रशासन की चिंता बढ़ी
मंगलवार को ग्वालियर से 50 किलोमीटर दूर भितरवार के ईटमा गांव में कोरोना का विस्फोट हुआ है। यहां 300 लोगों के सैंपल कराने पर 40 संक्रमित निकले हैं, जबकि एक की मौत हुई है। 1200 आबादी वाले इस गांव के हर घर में सर्दी, जुकाम, खांसी के मरीज हैं, लेकिन वह टेस्ट नहीं करा रहे हैं। मंगलवार को जिला प्रशासन ने वहां पहुंचकर ताबड़तोड़ टेस्ट कराए हैं। जिसके बाद यह परिणाम सामने आया है। ज्यादातर को ITM में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर भेजा गया है। साथ ही मंगलवार को पूरे जिले में 1174 नए संक्रमित मिले हैं और 30 की मौत हुई हैं। इतनी संख्या में संक्रमित मिलने के बाद एक बार फिर संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है।
भितरवार के ईटमा गांव में खड़ी एम्बुलेंस इसमें तत्काल कोरोना जांच की जा रही है
कोरोना की दूसरी लहर का असर अब शहर के बाद देहात में भी दिखने लगा हैं। अभी तक जो गांव कोरोना को शहर की बीमारी बता रहे थे वहां से चौकाने वाले परिणाम सामने आ रहे हैं। कई गांव के हर घर में खांसी, जुकाम के मरीज हैं, लेकिन वह कोरोना की जांच कराने नहीं जा रहे हैं। ऐसे में उनको वायरस है या नहीं यह डिटेक्ट नहीं हो पा रहा है। साथ ही कोरोना की दूसरी लहर अब प्रदेश में अपने पीक पर पहुंच गई है। ऐसा माना जा रहा है कि अब संक्रमण दर घटेगी और रिकवरी दर बढ़ेगी। पर अभी जो स्थिति है वह डराने वाली है। प्रदेश में हर दिन हजारों की संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। मंगलवार को भी जिले में नए संक्रमित का आंकड़ा 1174 आया है, जबकि 30 लोगों की मौत हुई है। शहर के मुक्तिधाम में यह हालत है कि शवों को जलाने के लिए जगह तक नहीं मिल रही है।
क्या कहते हैं आंकड़े
मंगलार को 4937 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है, इनमें से 1174 नए संक्रमित निकले हैं। इसके बाद कुल संक्रमित का आंकड़ा 45460 हो गया है। बुधवार के लिए 3918 सैंपल भेजे गए हैं। मंगलवार को एक्टिव केस 8758 से बढ़कर 8921 हो गए हैं। साथ ही 4 मई तक जिले में कुल एक्टिव कंटेनमेंट जोन की संख्या 494 से घटकर 429 हो गई है। अभी तक कुल सैंपलिंग 4 लाख 50 हजार 623 के पार हो गई है। मंगलवार को 30 संक्रमित की मौत हुई है और इनके अंतिम संस्कार जिले के लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम में हुए हैं। प्रशासन ने सिर्फ 6 मौत की पुष्टि की है। । जिसके बाद कुल मौत का आंकड़ा 823 पर पहुंच गया है। राहत की बात यह है कि 1005 संक्रमित डिस्चार्ज होकर मंगलवार को अपने घर भी गए हैं।
ईटमा गांव ने बढ़ाई टेंशन
ग्वालियर से 50 किलोमीटर की दूरी पर 1200 की आबादी वाले ईटमा गांव में हालात बहुत खराब हैं। यहां कुछ लोगों के संक्रमण की चपेट में आने की सूचना मिली थी। दो दिन पहले तक यहां 4 से 5 शादियां हुई थीं। वहां गांव के लोग कोरोना के सारे नियम भूलकर खूब नाचे गाए थे। उस लापरवाही का असर अब देखने को मिल रहा है। मंगलवार को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव में पहुंचकर ही कोरोना की जांच शुरू की। दिन भर में 300 के सैंपल लिए गए। इनमें से 40 नए संक्रमित मिले हैं। टीम को गांव में एक भी घर ऐसा नहीं मिला है जहां खांसी जुकाम के मरीज न हों। बुधवार को भी यहां टीम जाकर सैंपल करेगी।