कोरोना की दूसरी लहर से ऑटो सेक्टर भी अछूता नहीं है.
नई दिल्ली. देश इस वक्त कोरोना वायरस (Coronavirus) की दूसरी लहर से जूझ रहा है. मृतकों को संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. ऑटो सेक्टर पर कोरोना की दूसरी लहर का असर साफ पड़ता दिख रहा है. दरअसल, जापान की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा कार्स इंडिया (Honda Cars India) ने गुरुवार को कहा कि देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के प्रकोप को देखते हुए उसने राजस्थान स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट को करीब दस दिनों तक बंद रखने का फैसला किया है. होंडा कार्स देश में फिलहाल अमेज और होंडा सिटी जैसी गाड़ियों की बिक्री कर रही है. उसने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राजस्थान के टपुकरा स्थित प्लांट को 7 मई से 12 दिनों के लिए बंद रखने का फैसला किया है.
ये भी पढ़ें- कोरोना वैक्सीन के पेटेंट में छूट को लेकर भारत की पहल पर अमेरिका ने दिया WTO में समर्थन होंडा कार्स इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ”कोरोना संक्रमण की भीषण दूसरी लहर को देखते हुए कंपनी ने अपने सहयोगियों और आपूर्तिकर्ताओं को सूचित कर दिया है कि राजस्थान के टपुकरा स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट और मेंटनेंस ब्लॉक को 7 से 18 मई तक बंद रखा जाएगा. प्रोडक्शन का काम 19 मई को फिर से शुरू किया जाएगा. मेंटनेंस ब्लॉक को मध्य मई तक बंद रखा जाएगा.”
कई कंपनियां बंद कर चुकी हैं मैन्युफैक्चरिंग प्लांट इससे पहले महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी अपने ऑटोमोटिव डिवीजन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट को कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते बंद करने की घोषणा की थी. वहीं, मारुति सुजुकी, हीरो मोटोकॉर्प, एमजी मोटर इंडिया, होंडा मोटरसाइकल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) और सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने पहले ही कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर अपने प्रोडक्शन कार्यों के अस्थायी निलंबन की घोषणा की है.
कोरोना ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 24 घंटे में मिले 4.12 लाख नए केस
गौरतलब है कि देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है. पिछले 24 घंटे में नए मरीजों और मौत के आंकड़ों ने पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. पिछले एक दिन में देशभर में 4 लाख 12 हजार 262 पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जबकि 3,980 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है.