नई दिल्ली: आईपीएल 2020 (IPL 2020) की शुरुआत अगले महीने यानि 19 सितंबर से होने वाली है. हमेशा की तरह इस बार भी न सिर्फ क्रिकेटर्स में बल्कि दर्शकों में भी इस टूर्नामेंट को लेकर एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है. इस बार कोरोनावायरस की वजह से आईपीएल यूएई में होने जा रहा है. आईपीएल के इस 13वें सीजन में लोगों को बहुत कुछ देखने को मिलने वाला है. तो चलिए आज की इस स्पेशल आईपीएल स्टोरी में हम आपको आईपीएल के कुछ ऐसे रिकार्ड्स के बारे में बताने वाले हैं जो इस बार के सीजन में एमएस धोनी (MS Dhoni) और विराट कोहली (Virat Kohli) समेत ये खिलाड़ी अपने नाम कर सकते हैं.
धोनी कर सकते हैं कुल 150 शिकार
धोनी ने अब तक आईपीएल में 190 में से 183 मैचों में विकेटकीपिंग की है. इन 183 मैचों में धोनी अब तक 132 शिकार कर चुके हैं. धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा डिसमिसल करने वाले विकेटकीपर हैं. माही ने इस दौरान 94 बार विकेट के पीछे कैच पकड़े हैं और 38 बार स्टंपिंग की है. इस बार धोनी के पास 150 शिकार पूरे करने का एक बेहतरीन मौका होगा.
लसिथ मलिंगा बन सकते हैं 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज
मलिंगा अब तक आईपीएल में 122 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 170 विकेट अपने नाम किए हैं. अगर इस बार आईपीएल में मलिंगा 30 विकेट चटका लेते हैं तो वो आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे. यहां आपको बता दें कि मलिंगा आईपीएल में अब तक 129 वाइड और 18 बार नो बॉल फेंक चुके हैं, जोकि टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हैं.
डेविड वॉर्नर कर सकते हैं 50 अर्धशतक पूरे
वॉर्नर ने अब तक 126 आईपीएल मैचों में कुल 4,706 रन बनाए हुए हैं. इसके अलावा वॉर्नर आईपीएल में अब तक 4 शतक और 44 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं. उम्मीद की जा रही है कि आईपीएल 2020 में वॉर्नर अपने 50 अर्धशतक पूरे कर लेंगे. आपको बता दें कि वॉर्नर ने आईपीएल में 458 चौके और 181 छक्के लगा चुके हैं. आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने की लिस्ट में डेविड वॉर्नर का नाम चौथे स्थान पर है. वॉर्नर आईपीएल में कुल 2 टीमों दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं.
विराट कोहली बन सकते हैं 6,000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी
कोहली ने आईपीएल में 177 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 169 पारियों में 5,412 रन अपने नाम किए हैं. इन मैचों में विराट ने 5 शतक और 36 अर्धशतक भी जड़े हैं. कोहली के पास इस सीजन में 6 हजार रनों का आंकड़ा पार करने का अच्छा खासा मौका है. अगर विराट ऐसा कर लेते हैं तो वो आईपीएल में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
सुरेश रैना बन सकते हैं 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी
आईपीएल के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना अब तक आईपीएल में 193 मैच खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 5,368 रन बनाए हैं. रैना ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 493 चौके और 194 छक्के मारे हैं. आईपीएल में 200 मैच खेलने से रैना सिर्फ 7 मैच ही पीछे हैं, अगर इस सीजन में वो ये आंकड़ा पार कर लेंगे तो, 200 आईपीएल मैच खेलने वाला पहले खिलाड़ी बन जाएंगे.