Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर28 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
नियम के विरुद्ध दुकान खोलने पर निगम की टीम ने सील कर दिया।
कोरोना कर्फ्यू में सख्ती के बाद भी कुछ लोग कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। इसमें दुकानदार और डेयरी संचालक भी शामिल हैं। कोविड -19 प्रोटोकाल का पालन नहीं करने पर ऐसे ही तीन डेयरी संचालकों के साथ तेली गली में किराना दुकान को निगम की टीम ने सील कर दिया। इसके अलावा भिचौली मर्दान में चल रही एक कोरियर कंपनी को भी सील किया गया है। यहां पुलिस ने दबिश दी तो भीतर 20 युवक काम करते मिले। पुलिस ने सभी से उठक बैठक लगवाई और मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्रशासन ने किराना दुकानों के लिए सोमवार और गुरुवार का दिन तय कर दिया है। इसके साथ ही दूध की डेयरी को सशर्त सुबह और शाम को खोलने की छूट दी गई है। इसके बावजूद दुकानदार लगातार उल्लंघन कर रहे हैं। आजाद नगर में तीन डेयरी वालों पर निगम की टीम ने कार्रवाई की है। जोन 18 के अंतर्गत मां कृपा दूध डेयरी को निगम की टीम ने सील कर दिया। दुकानदार द्वारा दूध के साथ अन्य प्रतिबंधित सामान की बिक्री भी कर रहा था। इसके अलावा श्रीकृष्णा दूध-दही भंडार व महेश दूध डेयरी पर भी निगम की टीम ने पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए सील कर दिया। वहीं, मल्हारगंज क्षेत्र की तेली गली में किराना दुकानदार द्वारा प्रतिबंध के बावजूद दुकान खोलकर सामान बेचा जा रहा था। निगम की टीम ने छापा मारकर अरिहंत ट्रेडर्स दुकान को सील कर दिया।
भिचौली मर्दाना में चल रही थी कोरियर कंपनी, अंदर बैठे थे 20 युवक
कनाड़िया थाना प्रभारी बलजीत सिंह रघुवंशी के अनुसार सूचना मिली थी कि भिचौली मर्दाना में ईकॉम एक्सप्रेस नामक एक कोरियर कंपनी शटर बंद करके संचालित हो रही है। सूचना पर पुलिस ने छापा मारा तो अंदर कर्मचारी और मैनेजर मिले। सभी को हिरासत में लिया और मैनेजर संजय पिता मधुकर मानकर निवासी भिचौली मर्दाना के खिलाफ केस दर्ज किया। इसके बाद सभी युवकों को कान पकड़कर उठक बैठकर लगवाने के बाद थाने की अस्थाई जेल में कुछ घंटे बंद रखने के बाद हिदायत देकर छोड़ दिया गया।