Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मुरैना22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
थाना कोतवाली के पास चोरी से सामान बेचता दुकानदार।
जिले में पूरी तरह से लॉकडाउन है। सभी दुकानें बंद हैं। यहां तक कि अति आवश्यक वस्तुओं के दुकानें तक बंद हैं। सब्जी भी ठेलेवालों से मिल रही है। बावजूद शहर में कुछ दुकानदार शटर उचकाकर सामान दे रहे हैं। हद तो तब हो जाती है, जब कोतवाली थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर मौजूद दुकानदार शटर उचकाकर सामान बेच रहा हो।
वाकया गुरुवार दोपहर का है। कोतवाली के पास एमएस रोड पर मौजूद नेकी की दीवार के पास मौजूद दुकानदार दुकान खोलकर सामान बेच रहा था। ग्राहक अपने वाहन दुकान के सामने खड़े करके आराम से सामान खरीद रहे थे। बावजूद पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
8 दुकानदारों के खिलाफ की धारा 188 के तहत कार्रवाई
गुरुवार को कोतवाली थाने के नवागत टीआई अतुल सिंह ने दोपहर 12 बजे चार्ज संभाला। पहले ही दिन टीआई ने अपने क्षेत्र में चोरी-छिपे खुल रही दुकानों पर शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 8 दुकानदारों के खिलाफ धारा 188 के तहत लॉकडाउन में चोरी से माल बेचने के तहत कार्रवाई की। दूसरी तरफ थाने से महज 500 मीटर दूर एमएस रोड पर मौजूद नेकी की दीवार के पास दुकानदार शटर उचकाकर माल बेचता रहा।
जिले भर में प्रशासन कर रहा कार्रवाई
वहीं, अंबाह में विगत दो दिनों में 600 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी प्रकार, पोरसा में भी दो सैकड़ा दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सबलगड़ और जौरा सहित अन्य तहसीलों में भी लगातार प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।
जिले में सुबह-शाम निकल रहा मार्च
मुरैना शहर में भी पुलिस व प्रशासन द्वारा लगातार दिन में दो बार मार्च निकाला जा रहा है। इसके अलावा बीच में भी पुलिस लगातार शहर में चेक प्वाइंट्स पर जमी हुई है। पुलिस के अधिकारी दिन भर दुकानदारों व आने-जाने वालों पर नजर रखे हैं। बावजूद शहर में कुछ दुकानदार चोरी-छिपे सामान बेचनेे से बाज नहीं आ रहे हैं। इस संबंध में जब टीआई अतुल सिंह से बात करना चाही तो उनका मोबाइल बंद था।