दैनिक भास्कर
Jun 23, 2020, 06:24 AM IST
सिवनीमालवा. अक्सर स्वास्थ्य विभाग की 108 एम्बुलेंस सेवा पर सवाल उठते हैं, लेकिन सिवनीमालवा में 108 कर्मचारियों की तत्परता से जच्चा और उसके दो जुड़वां बच्चों की जान बच गई। दरअसल गर्भवती महिला को ले जा रही 108 एम्बुलेंस में महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। रविवार रात को सिवनी मालवा मुख्यालय के ग्राम गांगिया निवासी महिला सुनीता बाई को प्रसव पीड़ा हुई। उसके परिजनों ने 108 पर फोन कर एम्बुलेंस को बुलाया। जिससे प्रसूता सुनीता बाई को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना हो गए, लेकिन रास्ते में सुनीताबाई को असहनीय दर्द होने लगा। 108 में पदस्थ डॉक्टर गुलाब परमार ने पायलेट हिमांशु को एम्बुलेंस को रोकने के लिए कहा गया।
जिसके बाद डॉ. गुलाब परमार ने एम्बुलेंस में सुनीताबाई की सफल डिलीवरी कराई। प्रसूता सुनीताबाई ने एक साथ 2 बच्चों को जन्म दिया। जिसमें एक लड़का है और एक लड़की है। इसके बाद एम्बुलेंस से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिवनी मालवा में भर्ती कराया गया। जहां जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। प्रसूता के परिजन नंदलाल पिता खिलावन सिंह ने 108 एम्बुलेंस की टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवा की तत्परता से ही उनकी पत्नी और बच्चे स्वस्थ हैं। वक्त पर एम्बुलेंस उनको लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई। जिस पर 108 की टीम ने एम्बुलेंस में ही सफल डिलीवरी कराई।