100 वर्षों का संदेश लेकर 1950 किमी का सफर: साइकिल से कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा, छिंदवाड़ा में राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा भव्य स्वागत – Chhindwara News

100 वर्षों का संदेश लेकर 1950 किमी का सफर:  साइकिल से कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा, छिंदवाड़ा में राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा भव्य स्वागत – Chhindwara News




कश्मीर की बर्फीली वादियों से लेकर कन्याकुमारी के विशाल सागर तक राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना का संदेश लेकर निकले साइकिल यात्रियों का दल छिंदवाड़ा पहुंचा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौरवशाली शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित यह अनूठी जन-जागरण साइकिल यात्रा जब शहर में दाखिल हुई, तो पूरा वातावरण देशभक्ति के जयघोषों से गूंज उठा। अब तक करीब 1950 किलोमीटर की कठिन दूरी तय कर चुके डॉ. अनंत दुबे और देवेंद्र दुबे का छिंदवाड़ा में जगह-जगह पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया गया। कड़ाके की ठंड, ऊबड़-खाबड़ रास्तों और लंबी दूरी की चुनौती के बावजूद यात्रियों के चेहरे पर उत्साह और मन में राष्ट्र-प्रथम का संकल्प साफ झलक रहा था। यह यात्रा केवल एक साहसिक अभियान नहीं, बल्कि देश को सामाजिक और सांस्कृतिक एकता के सूत्र में पिरोने का प्रयास है। 22वें दिन गृह जिले पहुंचे यात्री आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर नरसिंहपुर रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डॉ. अनंत दुबे और उनके बड़े भाई देवेंद्र दुबे ने लाल चौक, श्रीनगर से इस ऐतिहासिक साइकिल यात्रा की शुरुआत की थी। यात्रा के 22वें दिन वे अपने गृह जिले नरसिंहपुर पहुंचे। इसके बाद अमरवाड़ा और सिंगोड़ी होते हुए वे संकटमोचन सरस्वती शिशु मंदिर, छिंदवाड़ा पहुंचे, जहां समाजसेवी एवं अधिवक्ता रमेश पोफली सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पंचनिष्ठा पर किया संवाद छिंदवाड़ा में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम के दौरान यात्रियों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा चलाए जा रहे पंचनिष्ठा कार्यक्रम की भावना और उद्देश्य पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज को राष्ट्रहित, संगठनात्मक मूल्यों और शताब्दी वर्ष के संकल्पों से जोड़ने का माध्यम है। कार्यक्रम में मोहन रोड़े, विवेक पोफली, विजय साहू, अनिल साहू, शिव मालवी, संतोष राय, अशोक ठाकरे, सुरेंद्र विनोद, सुशील सूर्यवंशी, मंगेश कपाले, विशाल पोफली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और आमजन उपस्थित रहे।



Source link