- जहर पीने से पहले किसान ने कहा ये उसकी पुश्तैनी जमीन, 4 लाख का कर्ज लेकर फसल बोई है
- पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जिले के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं
दैनिक भास्कर
Jul 14, 2020, 05:56 PM IST
गुना. एसडीएम और भारी पुलिसबल के सामने एक किसान औ उसकी पत्नी ने जहर पी लिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि किसान की पत्नी की हालत नाजुक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं। किसान और उसकी पत्नी के कीटनाशक पीने का वीडियो भी सामने आया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यहां के सरकारी पीजी कॉलेज की जमीन पर राजकुमार अहिरवार लंबे समय से खेती कर रहा था। मंगलवार की दोपहर अचानक गुना नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ दस्ता एसडीएम के नेतृत्व में पीजी कॉलेज की जमीन पर पहुंचा और राजकुमार द्वारा बोई गई फसल पर जेसीबी चलवाना शुरू कर दिया। राजकुमार ने विरोध किया तो उसे पुलिस ने पकड़ लिया। उसने बताया कि ये उसकी पैतृक जमीन हैं। दादा-परदादा इस जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। लेकिन उसके पास पट्टा नहीं है। जब जमीन खाली पड़ी थी तो कोई नहीं आया। उसने चार लाख रुपए का कर्ज लेकर बोवनी की है। अब फसल ऊग आई है तो इस पर बुलडोजर चलया जा रहा है। मेरे परिवार में 10-12 लोग हैं। अब मेरे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है। आत्महत्या करूंगा।
राजकुमार के इतना कहने के बाद खेत में बनी अपनी झोपड़ी में गया और कीटनाशक की बोतल से उसे पी लिया। पति को जहर पीता देख उसकी पत्नी सावित्री ने भी कीटनाशक पी लिया। अतिक्रमण हटाने आए दस्ते के लोगों ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तबतक काफी देर हो चुकी थी। इसके बाद दोनों ने अस्पताल जाने से मना कर दिया तो पुलिस ने दोनों को घसीट कर गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया है। अस्पताल में राजकुमार की पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है।