एमपी में संक्रमित मरीजों की संख्या 20,755 तक जा पहुंची है
सरकार का दावा है कि किल कोरोना (kill corona) अभियान में अब तक 85,000 से ज्यादा लोगों का टेस्ट किया जा चुका है. इसमें और तेजी के साथ टेस्ट (test) की व्यवस्था की जा रही है
पूरे मध्य प्रदेश में कोरोना का संक्रमण तेजी के साथ बढ़ रहा है. राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 20 हजार के पार हो गया है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक संक्रमित मरीजों की संख्या 20,755 तक जा पहुंची है. शुरुआती 10,000 मरीज 79 दिन में हुए थे, लेकिन बीते 35 दिन में 10 हजार संक्रमितो की संख्या बढ़ गई है.
राहत दे रही है रिकवरी रेट
हालांकि राहत की बात बस यही है कि प्रदेश में रिकवरी रेट देश में सबसे अच्छी है. रिकवरी रेट वाले टॉप 5 राज्यों में प्रदेश चौथे नंबर पर है. बीते एक महीने में यहां रिकवरी रेट में 4.1 की वृद्धि हुई है.टॉप 4 संक्रमित शहर
कोरोना संक्रमण में अब भी इंदौर भोपाल सबसे आगे बने हुए हैं. लेकिन अब तक तीसरे नंबर पर रहे उज्जैन को ग्वालियर ने पीछे छोड़ दिया है. उज्जैन में जहां हालात सुधरे हैं वहीं अब तक सेफ माने जा रहे ग्वालियर में हालात बिगड़ गए हैं. इंदौर में संक्रमित मरीज़ों का आंकड़ा 5761 और भोपाल में 3982 है. इसके बाद ग्वालियर में 1527 और मुरैना में 1187 मरीज़ों की पहचान हुई है. सबसे कम संक्रमितों की संख्या निवाड़ी, सिवनी और मंडला में है. निवाड़ी में संक्रमितों की संख्या 23 सिवनी में 22 और मंडला में 10 मरीज़ हैं.
ये भी पढ़ें-बड़ी खबर : बच्चियों से रेप का आरोपी प्यारे मियां भोपाल पहुंचा, ड्रग्स माफिया से है कनेक्शन!
भोपाल में तेज़ी से फैलाव
भोपाल में कोरोना संक्रमण तेजी के साथ बढ़ रहा है. भोपाल में गुरुवार को 128 नए मरीजों की पहचान हुई है. यहां 760 बेड फुल हो चुके हैं, जबकि 107 मरीज वेंटिलेटर पर हैं.
कोरोना किल
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री प्रभु राम चौधरी ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर कहा है कि कोरोना वायरस से सावधानी से ही बचाव होगा. सरकार ने किल कोरोना अभियान में अब तक 85,000 से ज्यादा लोगों का टेस्ट किया है. इसमें और तेजी के साथ टेस्ट की व्यवस्था की जा रही है. अस्पतालों में आईसीयू बेड बढ़ाने से लेकर तमाम तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं.