- Hindi News
- Local
- Mp
- Sagar
- Sagar’s Figure Reached 592, 11 New Corona Positives Including Minister’s Elder Brother And Sankal Principal
सागर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
जिले में गुरुवार को कोरोना के 11 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें 6 की पुष्टि इंदौर की निजी लैब और 5 की पुष्टि वायरोलॉजी लैब से हुई है। गुरुवार को सामने आए पॉजिटिव मरीजों में मंत्री के 62 वर्षीय बड़े भाई का नाम भी शामिल है। ये पोद्दार कॉलोनी निवासी हैं। मंत्री के भाई की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि इंदौर की निजी लैब से हुई है। बताया जा रहा है कि मंत्री के भाई पिछले कई दिनों से उपचुनाव की तैयारियों के दौरान क्षेत्र का भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं रिपोर्ट आने के बाद देर रात इन्हें इलाज के लिए बीएमसी शिफ्ट नहीं किया गया। बल्कि उन्हें होम क्वारेंटाइन करने पर अफसर विचार करते रहे। वहीं बड़े भाई के पॉजिटिव आने के बाद अब परिवहन मंत्री समेत पूरे परिवार की सैंपलिंग करने की तैयारियां भी की जा रही हैं। ऐसे में पार्टी के लिए उपचुनाव के दौरान यह बड़ी संकट की स्थिति भी बन सकती है। गुरुवार को 11 नए पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद सागर में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 592 पर पहुंच गई है।
दो कपड़ा व्यापारी और श्रीराम नगर में पत्नी के बाद पति भी पॉजिटिव
वहीं गोपालगंज निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ये शासकीय स्कूल में संकुल प्राचार्य हैं। इनके अलावा इंदौर की निजी लैब से प्राप्त रिपोर्ट में सदर निवासी 31 वर्षीय महिला, रविशंकर वार्ड निवासी 24 वर्षीय युवक, परकोटा वार्ड निवासी 28 वर्षीय युवक और तुलसी नगर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनके अलावा बीएमसी की वायरोलॉजी लैब से गुरुवार को जिन 5 नए पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है, उनमेंं श्रीराम नगर निवासी 65 वर्षीय वृद्ध कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
दो दिन पहले इनकी पत्नी भी संक्रमित मिल चुकी हैं। वहीं अन्य मामलों में बंडा निवासी 61 वर्षीय व्यक्ति और सुभाष नगर सागर निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों कपड़े के व्यापारी हैं। इनके अलावा गांधी चौक इतवारी टौरी निवासी 43 वर्षीय पुरुष और बंडा निवासी 44 वर्षीय पुरुष भी संक्रमित पाए गए। वायरोलॉजी लैब से जिन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली हैं। इनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है, इन्हें इलाज के लिए सारी वार्ड में रखा गया था और अब आईसीयू में शिफ्ट किया जा रहा है।
0