जोन-टू में शामिल करीब आधे इंदौर में सोमवार से सप्ताह के छह दिन सभी दुकानें खोली जा सकेंगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए आपदा प्रबंधन समूह ने जोन-टू में शामिल रीगल से पलासिया सहित पूरे पूर्वी शहर, पश्चिम में अन्नपूर्णा, रणजीत हनुमान से लगे इलाके में लेफ्ट-राइट खत्म कर दिया है। मध्य क्षेत्र में लेफ्ट-राइट का सिस्टम पहले की तरह जारी रहेगा।
शुक्रवार को बैठक में यह फैसला लिया गया है। समिति सदस्यों के अनुसार, जोन-2 में बाजार सुबह 8 से रात 8 बजे तक खोले जा सकेंगे। राखी की दुकानें भी लग सकेंगी। 56 दुकान राखी के बाद फिर शुरू होगी। वहां सिर्फ टेक अवे की सुविधा रहेगी। रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। उधर, बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और विधायक संजय शुक्ला अनुपस्थित थे। बाकलीवाल ने कहा कि हमें इसकी सूचना नहीं दी गई। हालांकि कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि सभी मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं की राय ली गई थी। अचानक बैठक जनप्रतिनिधियों की मांग पर बुलाई।
संकरी गलियों और घनी बसाहट के कारण जोन-1 में बदलाव नहीं
आपदा प्रबंधन समूह ने जोन-1 के मध्य क्षेत्र में संकरी गलियां व घनी बसाहट को देखते हुए लेफ्ट-राइट सिस्टम जारी रखने का फैसला किया है। इस क्षेत्र में राजबाड़ा, रानीपुरा, रिवर साइड रोड, जूनी इंदौर, कलेक्टोरेट, महू नाका, गंगवाल बस स्टैंड जैसे इलाके आते हैं। जोन-3 यानी 29 गांव वाले इलाके बायपास, रिंग रोड से लगी कॉलोनियां व टाउनशिप आती हैं, में जून से ही दुकानें सामान्य रूप से खुल रही हैं।
निगम, पुलिस की सख्ती पर जनप्रतिनिधियों की आपत्ति
विधायक महेंद्र हार्डिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने ठेले वाले, छोटे कारोबारियों पर हो रही सख्ती पर आपत्ति जताई। विधायक रमेश मेंदोला ने कहा, व्यापारियों का शहर है, एकतरफा कार्रवाई नहीं चल सकती। पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, मालिनी गौड़ व मधु वर्मा ने कहा कि सख्ती के बजाय समझाइश पर जोर दें। भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा, सतर्कता के साथ बाजार खोलें।
नई व्यवस्था से बचेगा त्योहारी सीजन
- नई व्यवस्था से राखी के समय सुस्त पड़े बाजार में रौनक लौटेगी। शहर का बड़ा हिस्सा जोन 2 में आता है। इसके खुलने से करीब दो लाख लोगों का रोजगार नियमित होगा। साथ ही अगले चार महीने के त्योहारी सीजन पर भी सकारात्मक असर होगा।
- 40 हजार कारोबारियों को राहत
- रणजीत हनुमान और अन्नपूर्णा मंदिर सहित पश्चिम क्षेत्र के करीब 10 हजार छोटे-बड़े व्यापारी, रीगल से पूर्वी शहर के 30 हजार से ज्यादा व्यापारियों को लाभ होगा।
- छूट के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी
- करीब आधे शहर में कारोबार को राहत देने से जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। ज्यादा सतर्कता बरतना होगी। इसके लिए नगर निगम और पुलिस की टीमें घूमेंगी। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क की सावधानी के लिए जागरूक करेगी। व्यापारियों को भी भीड़ नहीं लगने देने को कहा है।
