शहर में शुक्रवार को 153 नए पॉजिटिव मिले, जबकि एक मरीज की मौत हुई। 99 दिन बाद इतनी संख्या में संक्रमित मरीज आए है। पॉजिटिव रेट भी 9.6 पर पहुंच चुका है, जो चिंताजनक है। इधर, पुलिस विभाग में चार अफसर-कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले। तुकोगंज थाने से हाल ही में रिलीव हुए टीआई और एमजी रोड थाने के एक प्रधान आरक्षक व दो आरक्षकों ने चार दिन पहले सैंपल दिए थे। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पुलिसकर्मियों के लिए सैनिटाइजर, मास्क के साथ हैंड ग्लव्स भी अनिवार्य कर दिए हैं।
दो होटलों में सशुल्क कोविड केयर सेंटर, किराया दो से ढाई हजार रुपए प्रतिदिन
कोरोना के मरीज जिन्हें कम या गंभीर लक्षण नहीं हैं, वे आइसोलेशन के लिए घर के बजाय होटल में रह सकेंगे। प्रशासन एक-दो दिन में तुकोगंज क्षेत्र की दो होटल में सशुल्क कोविड केयर सेंटर शुरू कर रहा है। किराया दो से ढाई हजार रुपए रोज होगा। मरीज को भोजन, नाश्ते आदि का अलग से भुगतान करना होगा। इन कमरों में एसी, टीवी सहित सभी सुविधाएं रहेंगी। कलेक्टर मनीष सिंह के अनुसार, डॉक्टर की टीम एप से मरीजों की मॉनिटरिंग करेगी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया कि दो होटलों में 50 बेड रहेंगे। हाउसकीपिंग के लिए कोविड की ट्रेंड एजेंसी की मदद ली जा रही है। आईडीए सीईओ विवेक श्रोत्रिय ने बताया कि ज्यादा मरीज अाए तो अन्य होटलों में संचालकों की रजामंदी से और सेंटर शुरू करेंगे।
