ICC launches Super League to determine who qualifies for World Cup 2023 in India| ICC ने वर्ल्ड कप 2023 के लिए सुपर लीग क्वालीफिकेशन का ऐलान किया, जानिए क्या हैं नियम

ICC launches Super League to determine who qualifies for World Cup 2023 in India| ICC ने वर्ल्ड कप 2023 के लिए सुपर लीग क्वालीफिकेशन का ऐलान किया, जानिए क्या हैं नियम


दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने वनडे सुपर लीग शुरू की जो भारत में 2023 में होने वाले विश्व कप का क्वालीफायर है. इसका लक्ष्य 50 ओवर के फॉर्मेट को ज्यादा प्रासंगिक बनाना है. आईसीसी ने प्रेस रिलीज में कहा कि मेजबान भारत और सुपर लीग में टॉप पर रहने वाली अगली 7 टीमें सीधे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेंगी. सुपर लीग की शुरुआत वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच सीरीज के साथ होगी. दोनों देशों के बीच वनडे साउथैम्पटन में 30 जुलाई से खेली जाएगी. बाकी कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- मोहम्मद यूसुफ का वो वर्ल्ड रिकॉर्ड जिसे सचिन और विराट भी नहीं तोड़ पाए

आईसीसी के संचालन महाप्रबंधक ज्यौफ अलार्डिस ने कहा, ‘ये लीग अगले 3 साल में वनडे क्रिकेट को सार्थकता देगी और प्रासंगिक बनाएगी क्योंकि आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का क्वालीफिकेशन दांव पर लगा होगा.’ टी20 क्रिकेट फल-फूल रहा है जबकि टेस्ट क्रिकेट सर्वोच्च चुनौती है. ऐसे में रिकी पोंटिंग जैसे पूर्व खिलाड़ी वनडे मैचों की प्रासंगिकता पर सवाल उठा चुके हैं.

सुपर लीग में 13 टीमें हिस्सा लेंगी जिसमें आईसीसी के 12 पूर्ण सदस्य और नीदरलैंड शामिल है. नीदरलैंड ने वर्ल्ड क्रिकेट सुपर लीग 2015-17 जीतकर सुपर लीग में जगह बनाई है. सुपर लीग में हर टीम 3 मैचों की चार सीरीज स्वदेश और 4 विदेशी सरजमीं पर खेलेंगी.

जो 5 टीमें सुपर लीग से सीधे क्वालीफाई करने में विफल रहेंगी वे क्वालीफायर 2023 में 5 एसोसिएट टीमों के साथ चुनौती पेश करेंगी और इनमें से दो टीमें भारत में होने वाले 10 टीमों के वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेंगी. अलार्डिस ने कहा, ‘पिछले हफ्ते वर्ल्ड कप का आयोजन 2023 के आखिरी महीनों में कराने के फैसले से कोरोना वायरस महामारी के कारण गंवाए मैचों को आयोजित करने का अधिक समय मिलेगा.’

हर टीम को जीत के लिए 10 अंक मिलेंगे जबकि टाई, बेनतीजा और रद्द होने वाले मैचों के लिए 5 अंक दिए जाएंगे. हार के लिए कोई अंक नहीं मिलेगा. टीमों की रैंकिंग 8 सीरीज से मिले अंकों के आधार पर की जाएगी. दो या ज्यादा टीमों के समान अंक होने पर स्थान तय करने के लिए नियम बनाए गए हैं. आईसीसी ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के कारण सुपर लीग की शुरुआत को टालना पड़ा है.

नॉकआउट स्टेज की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि अंक तालिका में स्थान के आधार पर वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफिकेशन तय होगा. इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने कहा कि आयरलैंड के खिलाफ सुपर लीग मैचों से 2023 के टूर्नामेंट के लिए उनके सफर की शुरुआत होगी. उन्होंने कहा, ‘स्थिति को देखते हुए पिछली बार जब हम घर पर खेले थे और लार्ड्स में वर्ल्ड कप उठाया था तो यह उससे काफी अलग होगा लेकिन अगले टूर्नामेंट के लिए अपने सफर की शुरुआत करना अच्छा है.’

आयरलैंड के कप्तान एंड्रयू बालबिर्नी ने उम्मीद जताई कि वे वर्ल्ड चैंपियन टीम को कड़ी चुनौती पेश कर पाएंगे. उन्होंने कहा, ‘बेशक एक साल पहले वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के खिलाफ खेलना बड़ी चुनौती होगी लेकिन हमने अच्छी तैयारी की है और 2020 के शुरुआती महीनों में अपनी फार्म से आत्मविश्वास ले रहे हैं.’
(इनपुट-भाषा)





Source link