मुलताई10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ब्लॉक के ग्राम पंचायत जाम में डॉ. बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए चबूतरा बनाया जा रहा है। चबूतरे का निर्माण छत्रपति शिवाजी युवक मंडल द्वारा किया जा रहा है। चबूतरा निर्माण के लिए ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव लेकर सहमति भी दी है। भीमसेना संगठन के सदस्य बिना कारण के चबूतरा निर्माण में अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं। जिससे ग्रामीणों के साथ मंडल के लोगों में आक्रोश है। शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी युवक मंडल के सदस्यों के साथ ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार सुधीर जैन को आवेदन दिया। मंडल के राहुल नागले, नीरज नागले, विशाल भूमरकर, सुरेंद्र मास्तकर, कविता नागले, कांति खातरकर आदि ने बताया बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा के लिए गांव में चबूतरे का निर्माण किया जा रहा है।
भीमसेना के सदस्य जो गांव में निवास भी नहीं करते हैं वह कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इन लोगों ने तहसील कार्यालय में शिकायत की है। जिसके चलते नोटिस मिलने के बाद से बीते तीन महीने से चबूतरे का निर्माण कार्य रूका हुआ है। ग्रामीणों ने चबूतरे के निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों पर कार्रवाई कर निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति देने की मांग की है।
0