मंदसौर13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- नपा ने अधिग्रहण के लिए 9 कुएं चिह्नित किए, शिवना में अब भी प्रवाह का इंतजार
शुक्रवार को दिन के बाद देर रात जिलेभर तक बारिश होती रही जिससे शनिवार सुबह से मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। हालांकि अभी भी अच्छी बारिश की दरकार बनी है। बारिश नहीं होने से शिवना में पानी नहीं आया जिससे जलसंकट गहराने लगा है। नपा के पास 2 दिन छोड़कर पानी देने पर भी 20 अगस्त तक का स्टॉक है। ऐसे में नपा ने अब 9 कुओं के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी। माैसम वैज्ञानिक के अनुसार तो एक सप्ताह हल्की बारिश की उम्मीद है। 14 व 15 अगस्त में बच्छी बारिश होने के आसार हैं। शहर सहित जिले में पिछले 3 दिन से बारिश हो रही लेकिन अभी भी अच्छी बारिश की जरूरत है। जिले में शनिवार सुबह तक 11.46 इंच ही बारिश हुई है। गतवर्ष 8 अगस्त तक जिले में 28 इंच बारिश हो चुकी थी। जिले में औसत बारिश के लिए अभी भी करीब 22 इंच बारिश की जरूरत है। 3 दिन से बारिश तो हुई लेकिन अच्छी बारिश नहीं होने से अब तक शिवना में पानी की आवक नहीं हुई है। इससे शहर में पेयजल संकट गहराने लगा है। नपा के पास शिवना पर बने कालाभाटा बांध में पानी खत्म हो गया। नपा अभी विद्युत मोटर के माध्यम से शिवना के गड्ढों में जमा पानी को रामघाट तक लाकर नपा दाे दिन छोड़ कर पेयजल सप्लाई कर रही है। तेलिया तालाब के पास नपा के दो कुओं से रामटेकरी, मेघदूतनगर में सप्लाई की जा रही है। इसके बाद भी नपा के पास 20 अगस्त तक का ही पानी उपलब्ध है। ऐसे में अब नपा पेयजल सप्लाई के लिए शहर में कुओं का अधिग्रहण की तैयारी कर रही है। इसके लिए नपा ने वृद्धाश्रम, ऋषियानंद कुटिया पास, आदित्य पब्लिक स्कूल का कुआं, मनमोहन वाटिका के पास, सुखलाल का कुआं, रामचंद्र, चांदीबाई के कुओं के साथ, तेलिया तालाब पिकनिक स्पॉट, पामेचा कुआं एवं वात्सल्य स्कूल के पास बड़े कुओं को अधिगृहीत करने की तैयारी कर ली। इन कुओं से नपा आधे से अधिक शहर को पेयजल सप्लाई कर पाएंगे। इसके लिए कागजी कार्रवाई तैयार हो गई सोमवार व मंगलवार को अधिग्रहण कर लिया जाएगा।
इधर, कंथार डैम से पानी आने के आसार
पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से राजस्थान की सीमा में बने कंथार डैम में पानी आ गया है। शनिवार सुबह से डैम से हल्का पानी रिसकर मिर्जापुरा की तरफ आने लगा है। ऐसे में एक-दो दिन की बारिश के बाद कंथार से पानी आने की उम्मीद है।
अगले सप्ताह बारिश की उम्मीद : मौसम विभाग
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. मिश्रा ने बताया कि अगले सप्ताह बारिश रिमझिम बारिश की संभावना है जिससे कुछ राहत मिलेगी। एक सप्ताह में रिमझिम बारिश होने पर जिले में एक से दो इंच बारिश की संभावना है। इसके बाद 14 व 15 अगस्त को जिले में अच्छी बारिश की संभावना है। इसके बाद पेयजल संकट की समस्या खत्म हो सकती है।
हमारे पास पानी कम है
^शिवना के गड्ढों में जमा पानी को विद्युत मोटर से कालाभाटा लाने का काम किया जा रहा है। हमारे पास पानी कम है। अभी तेलिया तालाब के पास के दो कुओं से सप्लाई कर रहे हैं। बारिश से जल्द पानी आने की उम्मीद है। पानी नहीं आने तक सप्लाई के लिए 9 कुआंे का अधिग्रहण किया जा रहा है। जल्द पेयजल समस्या खत्म होगी।
दीपिका जैन,
जलकार्य सभापति, नपा
0