IPL2020: See the full squad of Sunrisers Hyderabad, Know Who will be in focus | IPL 2020: ये है सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम, जानिए किन पर रहेंगी निगाहें

IPL2020: See the full squad of Sunrisers Hyderabad, Know Who will be in focus | IPL 2020: ये है सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम, जानिए किन पर रहेंगी निगाहें


नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)के लिए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम ने भी अपनी कमर कस ली है. आईपीएल-2016 की यह विनर टीम 5 बार प्लेऑफ में पहुंची है. इस बार टीम की निगाहें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर (David Warner) की अगुआई में प्ले ऑफ का रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए 2016 की सफलता को दोहराने पर है. इसके लिए टीम ने अनुभव के साथ युवा के मिश्रण का संतुलित तालमेल तैयार किया है.

यह रहा है अब तक प्रदर्शन
सनराइजर्स की एंट्री आईपीएल-2013 से हुई थी. इसके बाद खेले गए 7 सीजन में से पांच में टीम कम से कम प्ले ऑफ यानी आखिरी 4 में पहुंची है. आईपीएल में अब तक 108 मैच खेलकर 57 जीत और 49 हार का सामना कर चुकी सनराइजर्स ने सुपर ओवर में 1 मैच जीता और 1 हारा है. टीम का औसत जीत प्रतिशत 53.70 का रहा है, जो उसे तीसरे नंबर की सफल टीम बनाता है. आईपीएल-2016 में अपना इकलौता खिताब जीतने वाली सनराइजर्स के लिए इसके बाद 2018 का सीजन सबसे ज्यादा सफल रहा है, जिसमें टीम ने अपना दूसरा फाइनल मैच खेला था. हालांकि तब रोमांचक फाइनल में टीम को हार का सामना करना पड़ा था. 

ये खिलाड़ी रहे हैं बल्लेबाजी में ताकत
सनराइजर्स की बल्लेबाजी केवल 3 बल्लेबाजों के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देती है. बल्लेबाजी में कप्तान वॉर्नर ही सबसे बड़ी ताकत रहे हैं, जो अब तक 126 मैच में टीम के लिए 43.17 के जबरदस्त औसत और 142.39 के जोरदार स्ट्राइक रेट से 4706 रन बना चुके हैं. औसत के हिसाब से लीग में नंबर-1 वार्नर रनसंख्या में चौथे नंबर पर हैं और 4 शतक व 44 अर्धशतक लगा चुके हैं. वार्नर के बाद टीम सबसे ज्यादा भरोसा न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन पर करती है. 

केन ने 41 मैच में 38.29 के औसत और 135.06 के स्ट्राइक रेट के साथ 12 अर्धशतक की बदौलत 1302 रन बनाए हैं. मनीष पांडेय भी टीम के मैच विजेता रहे हैं. आईपीएल का पहला भारतीय शतक बनाने वाले मनीष ने 130 मैच में 29.30 के औसत और 120.82 के स्ट्राइक रेट से इस लीग में आज तक 2843 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं. इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो पर भी निगाहें रहेंगी, जो आईपीएल-2019 के अपने इकलौते सीजन में 10 मैच में 445 रन ठोके थे. बेयरस्टो ने 1 शतक और 2 अर्धशतक बनाए थे. टीम के दोनों ऑलराउंडर विजय शंकर और अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी से भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद करेगी.

गेंदबाजी में इनके हाथ में कमान
सनराइजर्स की गेंदबाजी की कमान तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और लेग स्पिनर राशिद खान के हाथ में रहेगी, जो दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में शुमार किए जाते हैं. अब तक 117 मैच में 133 विकेट चटका चुके भुवी को इस समय टी20 क्रिकेट में पॉवर प्ले और डेथ ओवर्स का बेस्ट गेंदबाज माना जाता है. वो दो बार पर्पल कैप भी जीत चुके हैं. राशिद खान ने 46 मैच में 55 विकेट चटकाए हैं, जिसमें एक हैट्रिक भी शामिल है. उनका 21.69 का औसत और 6.55 का इकोनॉमी रेट उन्हें मैच विजेता साबित करता है. भुवी और राशिद को सिद्धार्थ कौल (45 मैच में 49 विकेट) और संदीप शर्मा (79 मैच में 95 विकेट) से मदद मिलेगी.
 

7 नए खिलाड़ी खरीदे गए
अपनी टीम को संतुलित करने के लिए सनराइजर्स ने इस साल की शुरुआत में नीलामी के दौरान 6.9 करोड़ रुपये खर्च  करते हुए 7 खिलाड़ी खरीदे थे. उन्होंने अंडर19 वर्ल्ड कप में भारत के कप्तान रहे प्रियम गर्ग को 20 लाख के बेस प्राइस से 1.9 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि विराट सिंह को भी 20 लाख के बेस प्राइस से 1.9 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था. इन दोनों के अलावा ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श को 2 करोड़ रुपये, जबकि संदीप बवानाका, अब्दुल समद, फैबियन एलन और  संजय यादव को 20-20 लाख रुपये में खरीदा है.

यह है सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम
डेविड वार्नर (कप्तान), केन विलियमसन, मनीष पांडे, भुवनेश्वर कुमार, राशिद खान, मिचेल मार्श, विराट सिंह, विजय शंकर, संदीप शर्मा, मोहम्मद नबी, अभिषेक शर्मा, जॉनी बेयरस्टो, ऋद्धिमान साहा, श्रीवत्स गोस्वामी, खलील अहमद, सिद्धार्थ कौल, शहबाज नदीम, बिली स्टेनलेक, बासिल थम्पी, टी. नटराजन, प्रियम गर्ग, संदीप बवानाका, अब्दुल समद, फैबियन एलन और  संजय यादव.





Source link