मालनपुर17 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
मालनपुर में हाईवे पर चक्काजाम कर बैठीं आक्रोशित महिलाएं।
- मालनपुर में हरीराम का पुरा पर गुरुवार सुबह 10.30 बजे नाली साफ करते समय हुआ हादसा
औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में गुरुवार की सुबह हरीराम पुरा में अपने घर के बाहर नाली साफ कर रही एक महिला की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजन ने हरीरामपुरा चौराहा पर ट्रैफिक जाम कर दिया। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे एक युवक की आक्रोशित लोगों ने मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची नायब तहसीलदार शिल्पा सिंह, मालनपुर थाना प्रभारी विनोद सिंह कुशवाह सहित अन्य थानों का बल भी मौके पर पहुंचा। इसके बाद उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाया। साथ ही मृतिका के शव का पीएम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया है और मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में लिया है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह करीब 10.30 बजे हरीराम का पुरा निवासी इंदिरा देवी (30) पत्नी करन सिंह अपने घर के बाहर नाली साफ कर रही थी। वहीं नाली के पास बिजली का पोल था, जिसमें करंट आ रहा था। इस वजह से इंदिरा देवी की करंट लगने से मौत हो गई। बिजली के इस पोल पर काफी बिजली के तार बेतरतीब ढंग से लटक रहे हैं, जिससे में इसमें करंट की समस्या बनी रहती है।
गुरुवार को जब इंदिरा देवी की करंट लगने से मौत हो गई तो लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने सीधे मृतिका के शव को भिंड ग्वालियर रोड स्थित हरीरामपुरा चौराहा पर रखकर ट्रैफिक जाम कर दिया। ट्रैफिक जाम की सूचना पाकर मालनपुर थाना प्रभारी विनोद सिंह कुशवाह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
वहीं नायब तहसीलदार शिल्पा सिंह, पटवारी मनीष जैन सहित अन्य गोहद चौराहा, गोहद थानों से भी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। आक्रोशित लोगों की मांग थी कि बिजली कंपनी के अधिकारी कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से इंदिरा देवी की मौत हुई है। इसलिए बिजली कंपनी के अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। साथ ही यहां का पूरा स्टाफ बदला जाए।
इसके बाद नायब तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाया कि शासन के नियमानुसार पूरी कार्रवाई होगी। साथ ही मृतिका के परिजन को भी शासन के नियमों के तहत सहायता राशि दी जाएगी। तब करीब दो घंटे बाद आक्रोशित लोग सड़क से हटे। वहीं पुलिस ने मृतिका के शव का पीएम कराकर परिजन के सुपुर्द किया और मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में लिया है।
0