नई दिल्ली: जीवन में जब कुछ ठीक चल रहा होता है, तभी अचानक कुछ ऐसा हो जाता है, जिससे भागती दौड़ती जिंदगी रुक जाती है. कुछ ऐसा ही भारत के अंडर-17 के उभरते फुटबॉल के सितारे अनवर अली के साथ हुआ. एक समय था जब अनवर अली भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के दरवाजे पर दस्तक देने जा रहे थे, लेकिन अगले ही पल साल 2018 में अनवर को पता चला कि वह दिल की बीमारी से ग्रस्त हैं. ऐसे में फिलहाल अनवर अली का ताजा बयान आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि वह सिर्फ फुटबॉल खेलना चाहते हैं और वह ठीक हैं.
यह भी पढ़ें- US Open: कोरोना वायरस से बचाव के लिए इतनी बड़ी रकम चुका रहे हैं जोकोविच
दिल बीमारी के बावजूद अनवर अली के हौंसले बुलंद
गौरतलब है कि अनवर अली (Anwar Ali) ने अपने दिल की बीमारी की बात सबसे पहले अपने बचपन के क्लब मिनर्वा पंजाब के मालिक रंजीत बजाज को बताई थी. 20 साल के अनवर अली एक गरीब परिवार से नाता रखते हैं. अनवर का मानना है कि अगर वह फुटबॉल नहीं खेलकर असामयिक मौत से बच सकते हैं तो फिर शायद उनकी मौत ईंटें ढोकर या और कोई छोटा मोटा काम करते समय हो जाए.
अनवरी अली के हौंसले अभी बुंलद हैं और वह दोबारा से फुटबॉल खेलना चाहते हैं. लेकिन अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की मेडिकल समिति अनवर की ताजा स्वास्थ्य रिपोर्ट के आधार पर प्रतिस्पर्धी फुटबॉल में उनके के भविष्य पर फैसला करेगी. इसके अलावा अनवर अली ने मीडिया एजेंसी पीटीआई से बातचीत करते हुए बताया है कि मुझे नहीं पता कि रिपोर्ट में क्या होगा लेकिन मुझे यह पता है कि मैं अच्छा कर रहा हूं. मुझे कोई समस्या नहीं है, मैं खेलना चाहता हूं और फुटबॉल में करियर बनाना चाहता हूं. मैं पिछले 2-3 हफ्तों से कोलकाता में दिन में दो बार ट्रेनिंग कर रहा हूं और इस दौरान मैंने कोई परेशानी महसूस नहीं की है.
अनवर अली ने अंडर-17 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान बटोरी थी सुर्खियां
साल 2017 के दौरान पहली बार ऐसा हुआ था, जब भारत की अंडर-17 की फुटबॉल टीम फीफा वर्ल्ड कप U-17 में शामिल हुई थी. भारतीय फुटबॉल के इतिहास में यह पहला अवसर था जब टीम ने किसी भी ऐज ग्रुप वाले फीफा वर्ल्ड कप में एंट्री ली. इस दौरान इसी भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा अनवर अली भी रहे. टीम इंडिया के साथ-साथ सेंटर बैक अनवर अली का नाम काफी चर्चा में रहा था. क्योंकि इंडियन सुपर लीग (ISL) में अनवर अली को मोटी रकम के साथ मुंबई एफसी ने अपनी टीम में खरीदा था. हालांकि जैसे ही अनवर अली को अपनी बीमारी के बारे में पता लगा उनका मुंबई की टीम के साथ अनुबंध रद्द हो गया. इसके साथ ही अनवर को 2019 के में नेशनल कैंप के लिए भी चुना गया था.
(इनपुट-भाषा)