जब सरकार ने बस ऑपरेटरों के टैक्स माफ कर दिए तो वे 5 सितंबर से अपनी बसें चलाने को राजी हुए.
शिवराज सरकार ने बस संचालकों का 5 महीने का पूरा और 1 महीने का 50% टैक्स माफ करने का फैसला किया है. इस फैसले के बाद बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने 5 सितंबर से बसें चलाने की सहमति जताई.
- News18Hindi
- Last Updated:
September 4, 2020, 9:47 PM IST
कब से कब तक टैक्स माफ?
सरकार ने बस संचालकों का 1 अप्रैल 2020 से 31 अगस्त 2020 तक की 5 महीने की अवधि का पूरा टैक्स माफ करने का फैसला किया है. इसके साथ ही सितंबर 2020 के महीने का 50 प्रतिशत टैक्स माफ करने का फैसला किया गया. सरकार ने टैक्स में छूट देने के साथ ही वाहनकर जमा करने की तारीख भी बढ़ा दी है. अब वाहनकर 30 सितंबर 2020 तक जमा किया जा सकेगा.
क्या है मामला?दरअसल कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम और बचाव को देखते हुए प्रदेश में 25 मार्च 2020 से लॉकडाउन के कारण बसों का संचालन प्रतिबंधित किया गया था. राज्य सरकार ने समय-समय पर जारी निर्देशों के तहत उनके संचालन की अनुमतियां भी दीं, लेकिन व्यावहारिक रूप से बसों का संचालन सामान्य नहीं हो सका. जिससे बस संचालकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा. बस संचालकों ने मांग की थी कि जब तक उनका टैक्स माफ नहीं किया जाता, तब तक वे अपनी बसों को सड़कों पर नहीं उतारेंगे. उनके इस फैसले से लॉकडाउन खुलने के बाद भी यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.