IPL2020: 7 Teams joint hands and book private jet in 1Cr to transport Eng-Aus players to UAE | IPL 2020: इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के प्लेयर्स को चार्टर्ड जेट से UAE पहुंचाने की तैयारी

IPL2020: 7 Teams joint hands and book private jet in 1Cr to transport Eng-Aus players to UAE | IPL 2020: इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के प्लेयर्स को चार्टर्ड जेट से UAE पहुंचाने की तैयारी


नई दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी के इस काल में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)को भारतीय धरती से दूर संयु्क्त अरब अमीरात (UAE) ले जाकर आयोजित करने से ही सारी मुसीबत खत्म नहीं हो रही है. आईपीएल टीमों को अपने क्रिकेटर जुटाने के लिए भी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. आईपीएल में भारतीय क्रिकेटर्स के बाद आकर्षण का केंद्र इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के धुरंधर होते हैं, जो इस समय ब्रिटिश धरती पर आपस में सीरीज खेल रहे हैं. 

यह भी पढ़ें- IPL 2020: शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे इंग्लैंड के प्लेयर, जानिए वजह

पिछले दिनों कई क्रिकेटर्स के महज सफर करने का खतरा उठाने से बचने के लिए लीग से नाम वापस लेने के बाद आईपीएल टीमों के प्रबंध तंत्र सक्रिय हो गए हैं. इसी के चलते वक्त की जरूरत को समझकर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाकी क्रिकेटरों को सुरक्षित तरीके से यूएई लाने के लिए 7 आईपीएल टीमों ने आपस में हाथ मिला लिए हैं. इन टीमों ने इन क्रिकेटरों को लाने के लिए एक निजी चार्टर्ड जेट किराये पर लिया है, जिसकी लागत करीब एक करोड़ रुपये बैठ रही है.

22 क्रिकेटर्स को लेकर आएगा स्पेशल जेट विमान
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, आईपीएल टीमों ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के 22 क्रिकेटर्स को लाने के लिए यह विमान किराये पर लिया है. खबर में दावा किया गया है कि इस कवायद की बदौलत ये क्रिकेटर्स फिलहाल इंग्लैंड में दोनों टीमों के लिए लागू ‘सिक्योर बायो बबल’ से निकलकर बिना बाहरी संपर्क में आए सीधे यूएई में आईपीएल टीमों के लिए बनाए गए बायो बबल में आ जाएंगे. 

ऐसे में इन्हें सामान्य फ्लाइट से आने के बाद अनिवार्य किए गए 6 दिन के आइसोलेशन पीरियड से नहीं गुजरना होगा. हालांकि इस दावे की बीसीसीआई (BCCI) या आईपीएल आयोजन समिति की तरफ से कोई पुष्टि नहीं की गई है. हालांकि इससे पहले बीसीसीआई अधिकारियों ने मीडिया से स्पष्ट तौर पर किसी भी खिलाड़ी को आइसोलेशन पीरियड में छूट नहीं दिए जाने की बात कही थी और इसके चलते पहले 2-3 मैच में इंग्लिश क्रिकेटर्स के नहीं खेल पाने की भी खबरें आई थीं.

कुछ ऐसा तरीका अपनाएंगी टीमें
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों को इंग्लैंड में सीधे स्टेडियम से सेनिटाइज बस में एयरपोर्ट लाया जाएगा. बस का ड्राइवर वही रखा गया है, जो पहले से ही इंग्लैंड टीम के बायो बबल का हिस्सा है. खिलाड़ियों की वीजा जांच और चेक इन आदि की औपचारिकता पहले ही पूरी करा ली जाएगी ताकि उन्हें एयरपोर्ट पर कम से कम लोगों के संपर्क में आना पड़े और कम से कम समय वहां पर ठहरना पड़े. जेट विमान को भी सेनिटाइज कराया जाएगा और उसके केबिन क्रू की कोविड जांच कराई जाएगी. दुबई पहुंचने के बाद विमान इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बजाय किसी अन्य कम भीड़ वाले एयरपोर्ट पर लैंड कराने की तैयारी की जा रही है. इसके बाद खिलाड़ियों को सेनिटाइज बस के जरिये सीधे उनकी टीमों के बायो बबल में पहुंचा दिया जाएगा. 

मुंबई इंडियंस नहीं है इस कवायद में शामिल
मीडिया की खबरों के मुताबिक, मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) इन 7 आईपीएल टीमों में शामिल नहीं है, क्योंकि उसका कोई भी विदेशी क्रिकेटर इंग्लैंड में मौजूद नहीं हैं. आईपीएल में मुंबई के लिए नाथन कोल्टर-नाइल (Nathan Coulter-Nile) और क्रिस लिन (Chriss Lynn) खेल रहे हैं, जो अपनी नेशनल टीम का हिस्सा नहीं होने के चलते पहले ही दुबई पहुंच चुके हैं.

बेहद मोटी रकम लगी है इन क्रिकेटर्स के ऊपर
आईपीएल में ऑस्ट्रेलिया के 17 और इंग्लैंड के 11 क्रिकेटर्स खेल रहे हैं. भारतीय क्रिकेटर्स के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स की ही डिमांड आईपीएल में सबसे ज्यादा है,  जिन पर आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने 86.7 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. इंग्लैंड के 11 क्रिकेटर्स को 43.8 करोड़ रुपये की कमाई आईपीएल के जरिये होने जा रही है.





Source link