ज्योतिरादित्य सिंधिया के एक ट्वीट से सियासी सरगर्मी बढ़ गई है. फाइल फोटो.
बीजेपी (BJP) सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने ट्विटर पर एक पोस्ट किया है, जिसको लेकर अपने अपने कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि माना जा रहा है कि सिंधिया पर लग रहे आरोपों के जवाब में उन्होंने ये ट्वीट किया है.
बता दें कि राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पिछले तीन दिनों से ग्वालियर और चंबल में ताबड़तोड़ भूमि पूजन और शिलान्यास कर रहे हैं. सिंधिया ने बीते शनिवार की शाम को एक ट्वीट किया, जिसमें सिंधिया ने सिर्फ ‘T’ लिखा था. ट्वीट होते ही वायरल होने लगा. यूजर्स ने सवाल किए कि क्या इसका मतलब टाइगर ही है या कुछ और. हालांकि थोड़ी देर बाद इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया. इसके बाद सिंधिया ने एक और ट्वीट किया, जिसमें सिंधिया ने लिखा है कि ‘हम जमीनी कार्यकर्ता हैं और अपनी धरती मां से जुड़कर कार्य करने वालों में से हैं. हमें अपनी माटी, अपनी जनता के उज्ज्वल भविष्य की चिंता है और यदि उसके लिए हमें कुर्सी भी त्याग करनी पड़े तो हम पीछे नहीं हटते’.
हम जमीनी कार्यकर्ता है और अपनी धरती माँ से जुड़कर कार्य करने वालों में से हैं। हमें अपनी माटी, अपनी जनता के उज्ज्वल भविष्य की चिंता है, और यदि उसके लिए हमें कुर्सी भी त्याग करनी पड़े तो हम पीछे नहीं हटते।
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) September 12, 2020
इन आरोपों का जवाब
माना जा रहा है कि सिंधिया ने ट्वीट कर कांग्रेस के उन सवालों का जवाब दिया है, जिसमें अक्सर कांग्रेसी उनपर आरोप लगाते हैं कि पद और पैसे की लालच में सिंधिया व उनके समर्थक विधायकों ने पार्टी छोड़ी थी. बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ इसको लेकर कई बार सिंधिया की नैतिकता पर सवाल उठा चुके हैं.