धारः झरने में अचानक बढ़ने लगा पानी और बह गई कारें, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला Video | dhar – News in Hindi

धारः झरने में अचानक बढ़ने लगा पानी और बह गई कारें, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला Video | dhar – News in Hindi


धार के जोगी भड़क झरने में बह गई कार.

मध्य प्रदेश के धार (Dhar) स्थित जोगीबयड़ा झरना (Jogibeda Fall) में अचानक पानी बढ़ने से पिकनिक मनाने आए लोगों की कार पानी में बह गई. इसका Video सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

धार. बारिश के दिनों में मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) का प्राकृतिक सौंदर्य और निखर आता है. खासकर प्रदेश के जिन इलाकों में जलप्रपात (Waterfall) हैं, वहां के नजारे तो और भी मनोरम हो जाते हैं. जाहिर है ऐसे मनोरम जलप्रपातों को देखने का पर्यटकों को इंतजार रहता है. लेकिन अथाह पानी से भरे इन झरनों के किनारे पर इंसानी लापरवाही से दुर्घटना होने की भी आशंका रहती है. कुछ ऐसा ही हुआ मध्य प्रदेश के धार (Dhar) स्थित जोगीबयड़ा झरना (Jogibeda Fall) के पास, जहां पर्यटकों की लापरवाही के कारण एक के बाद एक 3 कारें झरने में पानी का लेवल बढ़ने से बह गईं. दो कारों को तो किसी तरह निकाल लिया गया, लेकिन एक कार पानी की तेज धारा में बहती चली गई.

धार जिले के ढाल पंचायत के जोगीबयडा झरने में रविवार को इंदौर के पीथमपुर से कुछ लोग प्राकृतिक नजारे का आनंद लेने पहुंचे थे. इसे जोगी भड़क झरना भी कहा जाता है. रविवार को बड़ी संख्या में यहां लोग पिकनिक मनाने पहुंचे थे. इन्हीं पर्यटकों में कुछ लोगों ने झरने के किनारे कारें खड़ी कर रखी थीं. लोगों के देखते ही देखते अचानक झरने में पानी बढ़ने लगा. अचानक अथाह पानी के आने से किनारे पर खड़ी 3 कारें पानी की तेज धार में बहने लगीं. संयोग था कि गाड़ी में कोई बैठा नहीं था.

झरने में बह रही कारों को देख पहले तो आसपास के लोगों के हाथ-पांव फूल गए, लेकिन फिर किसी तरह लोगों ने गाड़ियों को निकालने की कोशिश शुरू की. पानी की तेज धार में बह रही 2 कारों को किसी तरह तो लोगों ने निकाल लिया, लेकिन एक कार फंसी रह गई. इसके बाद लोगों की आंखों के सामने ही वह कार पानी में काफी दूर तक बहती चली गई और करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी. इस दौरान वहां मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल से झरने में बह रही कारों का वीडियो शूट कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.





Source link