नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीमों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है कि आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के 21 क्रिकेटर ब्रिटेन से लौटने के बाद 6 दिन के बजाय केवल 36 घंटे (डेढ़ दिन) तक क्वारंटीन में रहेंगे.
यह भी पढ़ें- IPL 2020: UAE की गर्मी में खिलाड़ियों को स्विमिंग पूल का सहारा, देखें PHOTOS
जिन फ्रेंचाइजी टीमों में इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के क्रिकेटर हैं उन सभी ने ब्रिटेन से सीमित ओवर्स की सीरीज खेल कर लौट रहे खिलाड़ियों के लिए क्वारंटीन की अवधि कम करने की अपील की थी और सौरव गांगुली की अगुवाई वाले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के संबंधित विभागों के साथ मसला सुलझा दिया है.
आईपीएल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘हां, मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं कि इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के सभी खिलाड़ी 6 दिन के बजाय 36 घंटे तक क्वारंटीन में रहेंगे. मसला सुलझा लिया गया है और ज्यादातर टीमों के टॉप खिलाड़ी पहले मैच से ही उपलब्ध रहेंगे.’ डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ, जोफ्रा आर्चर और जोस बटलर जैसे खिलाड़ी इस लिस्ट में शामिल हैं
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा था कि, ‘उनका विमान में सवार होने से पहले एक परीक्षण होगा और फिर आगमन पर भी उनका परीक्षण किया जाएगा. अन्यथा कड़े परीक्षण प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा. इस फैसले के पीछे तर्क यह है कि खिलाड़ी एक जैव सुरक्षित वातावरण से दूसरे में प्रवेश कर रहे हैं.’ इससे पहले खबर मिली थी कि आस्ट्रेलिया के एक सीनियर खिलाड़ी ने बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को चिट्ठी लिखकर क्वारंटीन की अवधि 6 के बजाय 3 दिन करने की गुजारिश की थी.
बीसीसीआई ने कम से 3 फ्रेंचाइजी के अधिकारियों से बात की और वो फैसले से काफी खुश लग रहे हैं. एक फ्रेंचाइजी के अधिकारी ने कहा, ‘बीसीसीआई ने क्वारंटीन पीरियड 36 घंटे करके बहुत अच्छा काम किया है. इसका मतलब है कि चेन्नई सुपरकिंग्स (जोश हेजलवुड और टॉम कुर्रेन), राजस्थान रॉयल्स (स्मिथ, बटलर और आर्चर) के खिलाड़ी पहले मैच से ही उपलब्ध रहेंगे. इसी तरह से किंग्स इलेवन पंजाब के लिये ग्लेन मैक्सवेल और दिल्ली कैपिटल्स के लिये अलेक्स कैरी पहले मैच में खेल पाएंगे.’
सिर्फ कोलकाता नाइटराइडर्स ही ऐसी फ्रेंचाइजी थी जो छह दिन के पृथकवास से प्रभावित नहीं हो रही थी क्योंकि उसका पहला मैच 23 सितंबर को है. उसकी टीम में इयोन मोर्गन, टॉम बैंटन और पैट कमिंस जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
(इनपुट-भाषा)