Ecogreen stopped picking up garbage from homes when bills were not paid | बिल भुगतान नहीं करने पर ईकोग्रीन ने घरों से कचरा उठाना बंद किया, नगर निगम के जिम्मेदारों का कहना है कि सिस्टम में जल्दी सुधार कर लिया जाएगा

Ecogreen stopped picking up garbage from homes when bills were not paid | बिल भुगतान नहीं करने पर ईकोग्रीन ने घरों से कचरा उठाना बंद किया, नगर निगम के जिम्मेदारों का कहना है कि सिस्टम में जल्दी सुधार कर लिया जाएगा


ग्वालियर5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

ग्वालियर व्यापार मेला के मैदान में खड़े कचरे से भरे वाहन ।

  • कचरा कलेक्शन सेंटर पर खड़ी रहीं गाड़ियां, लोग हुए परेशान

सफाई व्यवस्था बनाने में लगातार असफल रही ईकोग्रीन कंपनी ने अब डोर-टू-डोर कलेक्शन और कचरे काे लैंडफिल साइट पहुंचाने का काम बंद कर दिया है। शनिवार को कंपनी के पांचों कचरा कलेक्शन सेंटरों पर कचरे से लदी गाड़ियां खड़ी रहीं। इसका कारण नगर निगम द्वारा भुगतान न किया जाना बताया गया है। निगम से 1.70 करोड़ का भुगतान न मिलने के कारण कंपनी ने अपने पांच कचरा कलेक्शन सेंटरों पर ताला लगा दिया है। इसके चलते शहर के 53 वार्डों से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम नहीं हो पाया। नगर निगम के जिम्मेदारों का कहना है कि सिस्टम में जल्दी सुधार कर लिया जाएगा।

ईको ग्रीन कंपनी के जिम्मेदारों का मानना है कि शनिवार को कुछ वाहन चले हैं, लेकिन अगले एक-दो दिन में हालात ज्यादा खराब हो सकते हैं। शहर के 53 वार्डों से कचरा कलेक्शन करने वाली ईको ग्रीन कंपनी को अनुबंध के अनुसार 40 प्रतिशत राशि का भुगतान होता है। कंपनी ने अभी तक 4.25 करोड़ रुपए की राशि के बिल निगम को दिए हुए हैं। इसमें से 40 प्रतिशत राशि 1.70 करोड़ रुपए निगम को विभिन्न पेनाल्टी काटकर भुगतान करना है।

पेट्रोल पंपों ने डीजल देना बंद किया
120 कचरा गाड़ियों में ईकोग्रीन कंपनी जिस पेट्रोल पंप से डीजल भरवाती है, उसका भुगतान न कर पाने के कारण पंप संचालक ने डीजल देना बंद कर दिया है। कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार कचरा कलेक्शन में लगे वाहनों में लगभग एक लाख रुपए रोजाना का डीजल भरवाया जाता है। डीजल न मिलने के कारण वाहनों को खड़ा कर दिया गया है।

ये कचरा कलेक्शन सेंटर बंद
शहर से आने वाले कचरे में से सूखा-गीला कचरा पांच कचरा कलेक्शन सेंटर पर अलग होता है। इनमें मेला मैदान, नारायण विहार, आदर्श मिल रोड, वीरपुर बांध के पास और एमपी एग्रो को बंद कर दिया गया है। दो सेंटर बुद्धा पार्क और ट्रिपल आईटीएम नगर निगम को संचालित करने को दे रखे हैं। वहां भी ऐसे ही हालात नजर आ रहे हैं।

कंपनी पहले 15 निकायों में बंद कर चुकी हैं सेवाएं
राज्य शासन ने ग्वालियर-चंबल संभाग में 16 निकायों से कचरा कलेक्शन करने और डंपिंग साइड तक पहुंचाने के लिए ईकोग्रीन कंपनी से अनुबंध किया था। कंपनी पिछले साल 15 निकायों से कचरा कलेक्शन भुगतान नहीं होने के कारण काम बंद कर चुकी है। वहां के वाहनों को ग्वालियर नगर निगम में लगाया गया था। अब यहां भी हालात ऐसे ही बनते जा रहे हैं।

1500 टन कचरा शहर में डंप
ईकोग्रीन कंपनी द्वारा शहर से औसतन 350 टन कचरा हर दिन उठाने का दावा किया जाता है। दो दिन से कचरा कलेक्शन नहीं होने से लोगों ने सड़कों पर कचरा फेंक दिया है। शहर में इन दिनों त्योहारी सीजन से पहले रंगाई-पुताई का काम शुरू होने के कारण कचरा ज्यादा निकलने लगा है। इस तरह लगभग 1500 टन कचरा शहर में डंप है। निगम के अधिकारी भी उन्हें पूरी तरह नहीं उठवा पा रहे हैं। ऐसे में लोग परेशान हैं।

अभी तक बिल भुगतान नहीं हुआ है
कंपनी ने 4.25 करोड़ के बिल नगर निगम को दिए हुए हैं। वहां से 40 प्रतिशत राशि भुगतान में मिलेगी। यह प्रक्रिया निगम के अधिकारी प्रोसेस में होना बता रहे हैं। इस वजह से डीजल नहीं खरीद पा रहे हैं। कचरा कलेक्शन सेंटर बंद हो गए हैं और गाड़ियां नहीं चल रही हैं।
आकर्ष शर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर ईकोग्रीन कंपनी

0



Source link