क्राइस्टचर्च: चार दिन पहले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के लिए हुई नीलामी में नहीं बिक सके न्यूजीलैंड के डेवोन कोंवे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी-20 में 59 गेंदों में नाबाद 99 रन बनाकर सभी टीमों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कहीं उनसे कोई चूक तो नहीं हो गई.
न्यूजीलैंड ने डेवोन कोंवे के शानदार प्रदर्शन से यह मैच 53 रन से जीता. IPL नीलामी में नहीं बिकने पर डेवोन कोंवे ने अपना गुस्सा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी-20 में तूफानी पारी खेलकर निकाला है. कोंवे की पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.
A very deserving Player of the Match award for New Zealand’s Devon Conway #NZvAUS
— cricket.com.au (@cricketcomau) February 22, 2021
भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कोंवे की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए ट्वीट किया ,‘डेवोन कोंवे चार दिन से चूक गए, लेकिन क्या शानदार बल्लेबाजी थी.’ जोहानिसबर्ग में जन्मे लेकिन बाद में न्यूजीलैंड में बसे कोंवे ने अपनी पारी में दस चौके और तीन छक्के लगाए. इससे पहले वह सुपर स्मैश टी-20 में नाबाद 93, नाबाद 91, 69 और 50 रन बना चुके थे.
न्यूजीलैंड के तीन विकेट एक समय 19 रन पर गिर गए थे, लेकिन कोंवे ने टीम को 20 ओवर में पांच विकेट पर 184 रन तक पहुंचाया. जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 17.3 ओवर में 131 रन पर आउट हो गई. फर्स्ट क्लास क्रिकेट के अपने दिनों में कोंवे आठ साल तक दक्षिण अफ्रीका में घरेलू क्रिकेट खेले, लेकिन 2017 में न्यूजीलैंड आ गए.
उन्हें मई 2020 में न्यूजीलैंड क्रिकेट से केंद्रीय अनुबंध मिला और नवंबर 2020 में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टी-20 खेला. अब तक वह 157 की स्ट्राइक रेट से 273 टी-20 रन बना चुके हैं. टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेवोन कोंवे के नाम 3 अर्धशतक हो गए हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु द्वारा 14 करोड़ 25 लाख रूपये में खरीदे गए ग्लेन मैक्सवेल एक रन बनाकर आउट हो गए.