आईपीएल 2020, IPL2020, IPL 2020, Aaron Finch, RCB | IPL 2020: आरोन फिंच का बयान, कहा टूर्नामेंट में ओस की भूमिका रहेंगी अहम

आईपीएल 2020, IPL2020, IPL 2020, Aaron Finch, RCB | IPL 2020: आरोन फिंच का बयान, कहा टूर्नामेंट में ओस की भूमिका रहेंगी अहम


दुबई: ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के कप्तान और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) के सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के पहले हफ्ते में ही दिख गया है कि ओस टूर्नामेंट में अहम भूमिका निभाएगी और पिचों के धीमा होने पर इससे मैच और अधिक प्रभावित होंगे. दूसरे हाफ में पिच पर बल्लेबाजी करना आसान हो रहा है और ओस गिरने से गेंदबाजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

फिंच ने कहा,  ‘ओस टूर्नामेंट में बड़ी भूमिका निभाएगी. पिछले तीन मैचों में, शारजाह में हुए मैच और यहां हमारे मैच के दौरान उम्मीद से अधिक ओस गिरी’.

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि टूर्नामेंट के आगे बढ़ने पर और अधिक मैच एक ही विकेट पर खेले जाएंगे, विकेट धीमे हो जाएंगे और ओस से मैच और अधिक प्रभावित होंगे’.

ऑस्ट्रेलिया के इस बल्लेबाज ने कहा,  ‘आपको हालांकि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. आप इसे बहाने की तरह नहीं ले सकते. अगर आपको धीमे विकेट पर पहले बल्लेबाजी करनी है तो आपको इससे सामंजस्य बैठाना होगा और प्रत्येक हालात में सफल होने के लिए स्वयं को मौका देना होगा’.

टूर्नामेंट के आगे बढ़ने पर टीमों के स्कोर में भी कमी आने की संभावना व्यक्त की जा रही है लेकिन फिंच ने कहा कि इस बारे में भी कुछ भविष्यवाणी करना जल्दबाजी होगी. उन्होंने कहा, ‘इस बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है. अब तक कुछ ही मैच हुए हैं और वे (दुबई, अबुधाबी और शारजाह) बिलकुल अलग विकेट हैं. यह जल्द से जल्द सामंजस्य बैठाने से जुड़ा है’.

धीमी और सूखी पिचों से निपटने के बारे में पूछने पर फिंच ने कहा, ‘यह मैच दर मैच पर निर्भर करेगा. जब ओस पड़ेगी तो यह विकेट को अच्छे विकेट में बदल देगी. आप सिर्फ एक तरह की तय शैली से नहीं खेल सकते’.

फिंच ने कहा, ‘यहां पहले मैच (दिल्ली कैपिटल्स बनाम किंग्स इलेवन पंजाब) के दौरान गेंद उछाल ले रही थी और सीम कर रही थी. आपको प्रत्येक मैच में लचीलापन दिखाना होगा’.

(इनपुट-भाषा)





Source link