दुबई: आईपीएल (IPL 2020) में आज किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) की टीम आमने सामने होगी. जहां अपने टूर्नामेंट में ‘कोहली एंड कंपनी’ ने जीत से शुरुआत की थी वहीं किंग्स इलेवन पंजाब को अपने शुरुआती मुकाबले में सुपर ओवर में दिल्ली से हार झेलनी पड़ी थी.
दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शुरूआती मैच में स्क्वायर लेग अंपायर ने गलती से 19वें ओवर की तीसरी गेंद में किंग्स इलेवन पंजाब के क्रिस जोर्डन के रन को ‘शार्ट रन’ करार दिया जिस फैसले का खामियाजा टीम को हारकर भुगतना पड़ा. पंजाब की टीम ने इस फैसले के लिए मैच रैफरी के खिलाफ अपील दायर की है. ऐसे में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम इस मैच में ‘शार्ट रन’ के विवादास्पद फैसले को भुलाकर शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज करने की फिराक में होगी. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपना अभियान 10 रन की जीत से शुरू किया था और टीम इस जीत को बरकरार रखने की पूरी कोशिश करेंगी.
बेंगलोर के देवदत्त पडीक्कल ने पहले मैच में अर्धशतकीय पारी खेलकर अपना आईपीएल करियर शुरू किया था. ऐसे में इस मैच में सबकी निगाहें उन पर लगी होंगी जबकि एबी डिविलियर्स भी महत्वपूर्ण अर्धशतक जमाने के बाद उसी लय को जारी रखना चाहेंगे. कोहली और आरोन फिंच दोनों अच्छी फार्म में हैं और वे क्रीज पर और समय बिताने के लिए बेताब होंगे. आरसीबी की गेंदबाजी के लिए हमेशा की तरह युजवेंद्र चहल अहम होंगे. पहले मैच में भी उन्होंने तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई थी. इस बार टीम को दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला क्रिस मौरिस से भी उम्मीदें होगी. वहीं टीम में उमेश यादव की जगह मोहम्मद सिराज को उतारा जा सकता है.
किंग्स इलेवन पंजाब की टीम की बात करें तो मंयक अग्रवाल अच्छी फार्म में हैं और इसलिए फैन्स इस मुकाबले में उनसे एक शानदार पारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं. राहुल, ग्लेन मैक्सवेल और निकोलस पूरन से भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है क्योंकि इन सभी में विपक्षी टीम से मैच छीनने की काबिलियत है. वहीं बिग हिटर क्रिस गेल की वापसी हो सकती हैं और बल्लेबाजी आल राउंडर जिमी नीशाम को भी मौका दिया जा सकता है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर: आरोन फिंच, देवदत्त पडीक्कल, पार्थिव पटेल, विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, गुरकीरत मान, शिवम दुबे, क्रिस मौरिस, वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, नवदीप सैनी, डेल स्टेन, युजवेंद्र चहल, एडम जाम्पा, इसुरू उडाना, मोईन अली, जोश फिलीप, पवन नेगी, पवन देशपांडे, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव.
किंग्स इलेवन पंजाब: लोकेश राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, शेल्डन कॉटरेल, क्रिस गेल, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद शमी, मुजीब उर रहमान, करुण नायर, जेम्स नीशम, निकोलस पानन (विकेटकीपर), इशान पोरेल, अर्शदीप सिंह, मुरुगन अश्विन, कृष्णप्पा गौतम, हरप्रीत बरार, दीपक हुड्डा, क्रिस जॉर्डन, सरफराज खान, मनदीप सिंह, दर्शन नलकंडे, रवि बिश्नोई, सिमरन सिंह (विकेटकीपर), जगदीश सुचित, तजिंदर सिंह, हार्डस विलजोन.
(इनपुट-भाषा)