श्योपुर12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
जिले में गुरुवार को हुई 266 संदिग्ध मरीजों की जांच में 11 मरीजों को कोरोना संक्रमण हुआ है। इनमें श्योपुर कलेक्टर और कराहल एसडीएम की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कलेक्टोरेट कार्यालय का सील कर दिया गया है। बहुत जरूरी काम होने पर कलेक्टोरेट कार्यालय में आने की अनुमति दी जाएगी। बिना मास्क एंट्री भी नहीं मिलेगी। जिले में अबतक 798 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं।
गुरुवार को जिले में 266 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई। इनमें श्योपुर कलेक्टर राकेश कुमार श्रीवास्तव (55), कराहल एसडीएम रवीश श्रीवास्तव (30) को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जबकि शहर की पुरानी चंबल कॉलोनी में रहने वाले जगदीश प्रसाद माहोर (30), शिवपुरी रोड निवासी उत्तम प्रसाद गर्ग (50), ढोढर निवासी कल्याण सिंह (26), केर सिंह (50), माधो का डेरा निवासी आशीष (20) को भी कोरोना संक्रमण हुआ है। शहर के बोहरा बाजार में रहने वाले नसीम दाऊदी (55), पुलिस लाईन निवासी प्रियंका गुर्जर (23), स्टेशन रोड निवासी विष्णु बंसल (42) और विजयपुर के वार्ड नंबर 8 में रहने वालीं राधा बाथम (20) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
वहीं कलेक्टर राकेश कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कलेक्टोरेट के मुख्य दरवाजे को बंद करते हुए आम लोगों के कलेक्टोरेट आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। हालाकि विशेष परिस्थितियों में कलेक्टोरेट के अंदर आने की अनुमति दी गई है। वहीं आवेदन देने के लिए काउंटर नंबर 1, एसडीएम कार्यालय एवं तहसील कार्यालय के काउंटर नंबर 2 को खोला गया है। कलेक्टोरेट में आने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारियों को पीछे गेट से एंट्री दी जाएगी। कलेक्टोरेट में बिना मास्क लगाए किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को एंट्री नहीं दी जाएगी।