हरदा19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ने वाले जरूरतमंद गरीब विद्यार्थी मोबाइल के अभाव में ऑनलाइन क्लास के जरिए पढ़ाई नहीं कर पा रहे थे। दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शनिवार को उज्जैन में पदस्थ हरदा के एसडीओ राजकुमार कुरील ने पिता की स्मृति में 7 मोबाइल उपलब्ध कराने के लिए प्राचार्य से संपर्क किया। उन्होंने जल्द ही उनके खाते में राशि ट्रांसफर करने का विश्वास दिलाया। इधर हरदा ओल्ड बॉयज एसोसिएशन ने प्राचार्य विजय तिवारी को 20 स्मार्टफोन दिए, जिसमें से विद्यार्थियों को बुलाकर हैंडसेट दिए जा रहे हैं। शनिवार को 7 और स्मार्टफोन दिए। 1986 में हरदा से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने वाले कॉलेज के वर्तमान लेक्चरर आरके दोगने ने बताया भास्कर में छपी खबर उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की थी। उज्जैन में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग में मानपुरा हरदा के राजकुमार कुरील एसडीओ के पद पर प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हैं।
खबर पढ़ने के बाद उन्होंने संपर्क किया। इसके बाद प्राचार्य विजय तिवारी से खाता नंबर लिया, जिसमें 7 विद्यार्थियों के लिए अपने पिता कुंजीलाल कुरील की स्मृति में मोबाइल देने का विश्वास दिलाया। प्राचार्य तिवारी ने बताया हरदा ओल्ड बॉय एसोसिएशन के डॉ. शैलेंद्र बागरे, अजय देवड़ा, अनिल गुलाटी द्वारा दिए गए 20 मोबाइल का वितरण किया जा रहा है। इसके लिए छात्रों से संपर्क कॉलेज बुलाया जा रहा है।