जबलपुरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
कुछ वर्ष पहले जबलपुर में सीएसपी रहे इद्रंजीत बाकलवार जो कि अब रतलाम में एएसपी हैं के बिलहरी स्थित सूने मकान में घुसकर अज्ञात चोरोंं ने गृहस्थी का सामान चोरी कर लिया। चोरी की इस घटना की जानकारी लगने पर क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। लोगों का कहना था कि जब पुलिस अधिकारी का घर सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी की सुरक्षा का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उधर घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच पड़ताल शुरू की। सूत्रों के अनुसार पुलिस अधिकारी बाकलवार का बिलहरी दत्त टाउनशिप में मकान है जिसमें कोई नहीं रहता है। मकान में पुलिस अधिकारी के नाम की नेम प्लेट लगी हुई है। मकान की देखरेख के लिए रज्जन चक्रवर्ती को रखा गया है जो कि समय-समय पर देखरेख के लिए आता-जाता था। इसके बावजूद चोरों ने घर में घुसकर चोरी कर ली।
सुबह चौकीदार पहुँचा तो ताला टूटा देख उसने तत्काल श्री बाकलवार को घटना की सूचना दी। वहीं सूचना पाकर पहुँची गोराबाजार पुलिस को बताया गया कि घर में घुसे अज्ञात चोर साइकिल टैब व मोबाइल आदि चोरी कर ले गये हैं। चौकीदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस अज्ञात चोरों की पतासाजी में जुटी है।