IPL 2020: Rahul Tewatia childhood coach after his amazing batting against KXIP | IPL 2020: राहुल तेवतिया की तूफानी पारी से हैरान नहीं है उनके बचपन के कोच, कही ये बात

IPL 2020: Rahul Tewatia childhood coach after his amazing batting against KXIP | IPL 2020: राहुल तेवतिया की तूफानी पारी से हैरान नहीं है उनके बचपन के कोच, कही ये बात


नई दिल्ली: इंडियन प़्रीमियर लीग (IPL 2020) में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) को बेहद रोमांचक मुकाबले में मात दी. राजस्थान के खिलाड़ी राहुल तेवतिया (Rahul Tewatia) ने शेल्डन कोटरेल के एक ओवर में पांच छक्के लगाकर मैच का पासा पलट दिया. उन्होंने 31 गेंद पर 53 रन की शानदार पारी खेली और इस वक्त आईपीएल में उनके नाम की काफी चर्चा हो रही है. तेवतिया के बचपन के कोच विजय यादव ने कहा कि वह हमेशा से राहुल को कहते आए हैं कि आईपीएल में एक दिन बल्लेबाजी के कारण वह स्टार बनेंगे.

हरियाणा के फरीदाबाद के सिहि गांव में रहने वाले राहुल के कोच यादव ने कहा, ‘उसके पिता फरीदाबाद अदालत में वकील हैं और वह मध्यमवर्गीय परिवार से है लेकिन मैंने उसके परिवार का उत्साह देखा है. वह हालांकि काफी शर्मीला था’.

 

यादव ने कहा, ‘उसके पिता ही नहीं बल्कि उसके अंकल भी उसे छोड़ने आते थे. वे दूसरे माता पिता की तरह चाहते थे कि उनका बच्चा भी खेले. पूछते थे ‘सर क्या कर रहे हैं, राहुल को खिलाते क्यो नहीं. पूरा परिवार चाहता था कि वह क्रिकेटर बने’.

भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज रहे चुके विजय यादव ने कहा, ‘एक खिलाड़ी को अपनी ताकत के बारे में पता होना चाहिए. किशोरावस्था में राहुल हमेशा युजवेंद्र चहल से स्पर्धा करता था तो मैंने उसे कहा कि उसे उपयोगी लेग स्पिनर बनना है. अमित मिश्रा और चहल अधिक कुशल स्पिनर थे. राहुल की ताकत उसकी बल्लेबाजी थी और मैंने कहा था कि वह बल्लेबाजी के दम पर आईपीएल मैच जीतेगा’.

उन्होंने कहा, ‘मैं एक ओवर में पांच छक्के मारने पर हैरान नहीं हूं. उसने पंजाब के लिए खेलते हुए भी दो मैच जिताए थे’.

(इनपुट-भाषा)





Source link