- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Madhya Pradesh (MP) By Election 2020 News: Kailash Vijayvargiya Jyotiraditya Scindia Shivraj Singh Chouhan Chunav Strategy Discussion Today In Bhopal
भोपाल31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भाजपा में प्रदेश के शीर्ष नेताओं की आज सीएम हाउस में बैठक है, जिसमें उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। तस्वीर बीते शनिवार की है, जब सांवेर की चुनावी सभा में सभी नेता एक मंच पर थे।
- उपचुनाव में 25 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी लगभग तय हैं, इन्हीं कुछ सीटों पर असंतोष को दूर करने की कोशिश होगी
- राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की टीम में चुने गए मध्य प्रदेश के नेताओं का आज स्वागत होगा, इसके बाद सीएम हाउस में होगी बैठक
मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही सरगर्मी तेज हो गई हैं। बुधवार को भाजपा वरिष्ठ नेता भोपाल पहुंच हैं। यहां पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साथ बैठक होगी। जिसमें उप चुनाव की रणनीति पर विचार किया जाएगा। सीएम हाउस में होने वाली बैठक विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के टिकटों के बंटवारे पर पर चर्चा होगी। हालांकि भाजपा की तरफ से 25 सीटों पर प्रत्याशी लगभग तय हैं, उसके बावजूद उभर रहे असंतोष को को दूर करने और अंदर खाने सामंजस्य बनाने और मनमुटाव को भी दूर करने की कोशिश होगी। असंतुष्टों को साधने के लिए नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है।
कौन नेता, कहां संभालेगा कमान
28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कौन सा नेता कहां पर कमान संभालेगा। इस पर चर्चा के बाद जिम्मेदारी तय की जा सकती है। हालांकि सबसे बड़ा फोकस ग्वालियर-चंबल है। इसलिए वहां पर क्लीन स्वीप कैसे करना है और क्या कांग्रेस के खिलाफ रणनीति होगी। मीटिंग में भाग लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम में चुने गए लाल सिंह आर्य, ओम प्रकाश धुर्वे, सांसद सुधीर गुप्ता भोपाल पहुंच गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत भी मीटिंग में शामिल रहेंगे।
एक-दो दिन में भाजपा जारी कर सकती है 28 की सूची
भाजपा 28 सीटों पर अपने प्रत्याशी एक-दो दिन में सूची जारी कर सकती है। इसमें 25 सीटों पर प्रत्याशी लगभग तय हैं। वहीं विधायकों के निधन से खाली हुई तीन सीटों में जौरा और आगर में सहमति बन गई है। ब्यावरा में अभी चर्चा होना है बाकी है। इस पर आज चर्चा हो सकती है।
नड्डा की टीम में चुने गए नेताओं का स्वागत होगा
इधर, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम में शामिल किए गए नेताओं का स्वागत किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, अजा मोर्चा के अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय सचिव बनाए ओमप्रकाश धुर्वे, सह कोषाध्यक्ष व सांसद सुधीर गुप्ता भोपाल पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी भोपाल पहुंचे हैं और सीधे संघ कार्यालय समिधा गए हैं। जहां पर वह क्षेत्रीय प्रचारक दीपक विस्पुते से मिलेंगे।
अनुसूचित जाति के वोट को साधने के लिए बनेगी रणनीति
अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य आज बैठक लेंगे। भाजपा ने इसकी कोशिश शुरू कर दी है, इसी रणनीति के तहत एससी वोटर्स को लुभाने और लाल सिंह आर्य की नाराजगी दूर करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने लाल सिंह आर्य को एससी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शाम 6 बजे बैठक होगी।
बता दें कि 2018 के विधानसभा चुनाव में गोहद से पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य चुनाव हार गए थे, उन्हें हराने वाले कांग्रेस के रणवीर जाटव अब सिंधिया के समर्थन में भाजपा में शामिल हो गए थे, इसके बाद उनका फिर से चुनाव लड़ना तय है, ऐसे में लाल सिंह आर्य नाराज बताए जा रहे थे।