शाजापुर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गैंग में शामिल टीना को पुलिस ने देररात गिरफ्तार कर लिया
- भास्कर खुलासे के बाद शाजापुर में पकड़ाई हनी ट्रेप गैंग, युवती गिरफ्तार
- पेट्रोल पंप संचालक को झांसे में लेने वाली युवती से 8 घंटे पूछताछ, माकड़ौन थाने का हिस्ट्रीशीटर है सरगना, एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया
शहर के पेट्रोल पंप संचालक का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने के मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है। उज्जैन जिले के माकड़ौन थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश रामसिंह गुर्जर शाजापुर में सक्रिय हनी ट्रेप गैंग का सरगना निकला। उसने दो साल पहले से हनी ट्रेप गैंग बनाने के लिए जाल फैलाया और 5 महिलाओं सहित आपराधिक प्रवृति के 13 लोगों को शामिल कर गैंग बना ली। गैंग की एक सदस्य टीना निवासी हाल मुकाम आदर्श कॉलोनी शाजापुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 8 घंटे की पूछताछ के बाद चौथे आरोपी का नाम भी सामने आ गया।
पुलिस ने टीना को कोर्ट में पेश कर गैंग का खुलासा करने के लिए पूछताछ के लिए रिमांड मांगा। इस पर कोर्ट ने एक दिन का रिमांड स्वीकार कर लिया। टीना को इस गैंग में रामसिंह गुर्जर के भतीजे अर्जुन गुर्जर निवासी टूंगनी ने शामिल किया। अर्जुन ने ही टीना को अपने साथ मिलाकर शाजापुर के संजय गिरि के साथ वारदात को अंजाम दिया। उक्त मामले में पुलिस ने रामसिंह गुर्जर, अर्जुन गुर्जर, टीना के साथ ही बुधवार को चौथे आरोपी की रवि पिता भगवानसिंह निवासी साप्टी टूंगनी के रूप में पहचान करते हुए उसकी धरपकड़ भी शुरू कर दी। हालांकि पुलिस को संजय गिरि के अलावा किसी अन्य मामले की जानकारी हाथ नहीं लगी है।
लालघाटी थाना प्रभारी एसआई मुकुल यादव के अनुसार जो मंगलवार को जो तीन नाम सामने आए थे, उसके अलावा एक अन्य आरोपी की भी पहचान हो चुकी है। इस गैंग ने शाजापुर, आगर जिले सहित उज्जैन क्षेत्र के कई रसूखदार लोगों का वीडियो बनाकर उनसे वसूली की है। हालांकि बदनामी के डर से फिलहाल वे सामने नहीं आए। पूछताछ में यदि ऐसे लोगों के नाम सामने आएंगे तो उनसे भी पूछताछ की जाएगी।
टीना के अलावा शाजापुर की दो लड़कियाें के नाम भी आए, बदनामी के डर से सामने नहीं आए फंस चुके लोग, अब ढूंढेगी पुलिस
2 साल पहले बनी थी गैंग, वेयर हाउस संचालक को फंंसाया था
पूछताछ में एक के बाद एक परत खुलती जा रही है। भास्कर पड़ताल में भी हर दिन नई जानकारी सामने आने लगी है। इस गैंग की शुरुआत करीब दो साल पहले हुई थी। उस दौरान शाजापुर के एक वेयर हाउस संचालक का वीडियो बनाकर उसे शिकार बनाने की बात सामने आई है। इसके बाद गैंग में 5 महिलाएं शामिल हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि इस गैंग में 5 महिलाओं के अलावा शाजापुर की दो लड़कियां भी शामिल हो गई हैं। इधर, गैंग की छानबीन करते हुए पुलिस ने नलखेड़ा, कानड़ और शाजापुर क्षेत्र के करीब 13 बदमाशों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है।
पूछताछ कर रहे हैं
आरोपी महिला की गिरफ्तारी कर पूछताछ की जा रही है। जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार गैंग कुछ साल से सक्रिय है। गैंग में कितनी महिलाएं व अन्य सदस्य शामिल हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है। जल्द ही कुछ और आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा करेंगे।
– आर.एस. प्रजापति, एएसपी शाजापुर
पूछताछ के बाद एक और नाम सामने आया
इधर गैंग में शामिल टीना को पुलिस ने देररात गिरफ्तार कर लिया। 8 घंटे तक पूछताछ में टीना ने सिर्फ इतना ही बताया कि उसके पिता की दुर्घटना में मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। ऐसे में वह शाजापुर के एक अस्पताल सहित अन्य निजी कार्यालयों में काम करती थी। इसी दौरान अर्जुन नामक युवक से उसका संपर्क हुआ और वह अपराध के रास्ते पर चल पड़ी। टीना के बयानों में यह बात सामने आई कि अर्जुन ने ही उसे उसके चाचा रामसिंह ने इस तरह की गैंग बनाने की बात कही थी। इसके अलावा गैंग में शामिल एक अन्य आरोपी की भी पहचान हुई है।
सरगना पर 12 से अधिक मामले, जिलाबदर भी रहा रामसिंह

उक्त गैंग का सरगना आरोपी रामसिंह गुर्जर उज्जैन जिले के माकड़ौन थाने का हिस्ट्रीशीटर है। माकड़ौन थाना प्रभारी एसआई गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि रामसिंह पर 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके रिकाॅर्ड को देखते हुए उसे जिलाबदर भी कर दिया था। थाने में उसके खिलाफ मारपीट, चोरी व धमकाने के प्रकरण शामिल हँ। ज्ञात रहे करीब 5 साल पहले उक्त आरोपी को तराना पुलिस ने शाजापुर कोर्ट परिसर के सामने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया था।
वीडियो कहां बनाया, मारपीट कहां हुई, नहीं बताया
शहर के पेट्रोल पंप संचालक संजय गिरि के साथ हुई वारदात को लेकर पुलिस जांच में कई खामियां भी सामने आई। पीड़ित संजय के मामले में शिकायत दर्ज करने के बाद भी पुलिस को अब तक घटनास्थल से लेकर अन्य जानकारी नहीं मिल सकी। खास बात यह है कि फरियादी भी पुलिस को ठोस जानकारी नहीं दे रहे हैं। इधर, पुलिस के हत्थे चढ़ी टीना ने भी वीडियो बनाने वाले स्थान व मारपीट के मामले में अब तक ज्यादा कुछ नहीं बताया। इधर, भास्कर पड़ताल में संजय गिरि का वीडियो शाजापुर में ही बनाने की बात सामने आई है। शहर के एक मकान में वीडियो बनाने के बाद ही उसे भैरव डूंगरी क्षेत्र में बुलाकर 50 लाख रु. की डिमांड की थी।
झांसे में आने से बचा सरपंच : शाजापुर जनपद के एक गांव के सरपंच को भी 10 दिन पहले किसी रीना ठाकुर नामक युवती ने झांसे में लेने का प्रयास किया। सरपंच ने उक्त महिला से 3-4 दिन मोबाइल पर बात करने के बाद उसका नंबर ही ब्लाॅक कर दिया। इस दौरान सरपंच व महिला के बीच हुई बात का ऑडियो रिकार्डिंग भी उजागर होने की बात सामने आई है।