शारजाह: शनिवार को आईपीएल 2020 (IPL 2020) में खेले गए 16वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम को 18 रनों से धूल चटा दी है. इस हार के साथ ही केकेआर ने इस आईपीएल सीजन में अपना दूसरा मुकाबला गंवाया है.
यह मैच हारने के बाद नाइट राइडर्स अंक तालिका में पांचवे पायदान पर पहुंच गई है. इस बीच हम आपको बताने जा रहे उन कारणों के बारे में, जिनकी वजह से कोलकाता की टीम दिल्ली को मात देने से चूक गई है.
जल्दी नहीं मिला दिल्ली का पहला विकेट
केकेआर के कप्तान दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन वह टीम के लिए सही साबित नहीं क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) और पृथ्वी शॉ की जोड़ी ने कमाल का खेल दिखाते हुए 5.5 ओवर में 56 रन ठोंक दिए, जिसके कारण कोलकाता को पहला विकेट पावरप्ले की आखिरी गेंद पर हासिल हुआ.
शारजाह में फेल हुए केकेआर के बॉलर
जिस तरीके पिछले दो मैचों में शारजाह के मैदान पर इस टूर्नामेंट में गेंदबाजों का बुरा हाल रहा है, ठीक वही कहानी कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के बॉलर्स के साथ रही. आलम यह रहा है कि इस ऐतिहासिक मैदान पर दिल्ली के बल्लेबाजों ने केकेआर के गेंदबाजों की बख्खियां उधेड़ते हुए 20 ओवर में 229 रनों का पहाड़ सा लक्ष्य कोलकाता के सामने रखा.
सुनील नरेन बने चिंता का विषय
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम सुनील नरेन (Sunil Narine) को लगातार ओपनिंग के लिए भेज रही है और नाकाम भी हो रही है. नरेन का बैटिंग फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. खराब फॉर्म से जूझ रहे सुनील नरेन इस मैच दिल्ली के खिलाफ भी 3 रन ही बना सके.
एक ओवर में लगातार दो विकेट गिरना
दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) की ओर से मिले 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम एक समय मैच में अपनी पकड़ बनाए हुए थी. लेकिन अपनी पारी के 13वें ओवर में कोलकाता की टीम ने नीतिश राणा 58 और कप्तान दिनेश कार्तिक 6 रन के विकेट लगातार दो बॉल में गंवा दिए. जिसकी वजह से मैच केकेआर के हाथों से फिसल गया.
इयॉन मोर्गन को अहम मौक पर आउट होना
विकेटों के पतन के बावजूद केकेआर के इयॉन मोर्गन ने हार नहीं मानी और दिल्ली कैपिटल्स के बॉलर्स पर धावा बोलते हुए कोलकाता को जीत की ओर ले जा रहे थे, लेकिन जब नाइट राइडर्स को 9 बॉल में 29 रनों की दरकार थी, तब मोर्गन आउट हो गए.
उससे पहले ओवर में इयॉन मोर्गन ने कगिसो रबाडा पर छक्कों की हैट्रिक लगाई. मोर्गन ने इस मैच में 18 बॉल में 1 चौका और 5 छक्कों की मदद से तूफानी 44 रन बनाए.