Imrati Devi won on Congress ticket thrice, now in BJP, Congress candidate from Suresh Raje | तीन बार कांग्रेस के टिकट पर जीतीं इमरती देवी अब भाजपा में, भाजपा से आए सुरेश राजे कांग्रेस के प्रत्याशी

Imrati Devi won on Congress ticket thrice, now in BJP, Congress candidate from Suresh Raje | तीन बार कांग्रेस के टिकट पर जीतीं इमरती देवी अब भाजपा में, भाजपा से आए सुरेश राजे कांग्रेस के प्रत्याशी


डबरा15 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

2018 के विस चुनाव में इमरती देवी अपने समधी सुरेश राजे को भाजपा से कांग्रेस में लाई थीं। दाेनाें प्रचार मेें साथ घूमे थे।

  • समधी-समधन पाला बदलने के बाद पहली बार आमने-सामने, निर्णायक साबित होंगे किसानों के वोट
  • किसानों को मुआवजा और विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिलने जैसे मुद्दे हावी रहेंगे

डबरा के लोगों को इस उपचुनाव में अजीबोगरीब नजारा देखने को मिल रहा है। जिन इमरती देवी को उन्होंने तीन बार बतौर कांग्रेस प्रत्याशी जिताया, वे अब भाजपा की प्रत्याशी होंगी और चार दशक भाजपा का झंडा उठाने वाले सुरेश राजे कांग्रेस से मैदान में हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर राजे ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

शायद इसीलिए उनके प्रभाव के वोट भी इमरती देवी को मिले थे और वे 57 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीती थीं। अब इमरती देवी के साथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहनसिंह राठौर तो दिख रहे हैं लेकिन भाजपा के स्थापित नेता और कार्यकर्ता खामोश बैठे हैं।

इमरती देवी को जिताने की जिम्मेदारी गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को मिली है, जिनका क्षेत्र में खासा प्रभाव है, लेकिन राजे भी मिश्रा को अपना राजनीतिक गुरु बताते हैं। राजे कहते हैं, 38 साल मैं जिनके साथ रहा, वे सभी भाजपाजन जिताने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। गौरतलब है कि राजे के बड़े भाई के बेटे से इमरती देवी के भाई की बेटी की शादी हुई है। इस लिहाज से दोनों समधी-समधन हुए। राजे की मां स्व. मोहनिया बाई भी राजनीति में सक्रिय रहीं। वे वर्ष 2000 में इमरती देवी को हराकर मंडी अध्यक्ष बनी थीं।

तीन बार जीत चुकीं इमरती देवी
राजे 2013 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े व इमरती देवी से लगभग 32 हजार वोटों से हार गए थे। वे दो बार नपाध्यक्ष का चुनाव लड़े लेकिन जीत नहीं सके। इमरती देवी 2004 में पहली बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ीं और जीती। इसके बाद लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीते। डबरा के पास की भितरवार विधानसभा सीट पर पिछली बार कांग्रेस के लाखन सिंह जीते थे। वे कमलनाथ सरकार में इमरती देवी के साथ मंत्री भी रहे। कांग्रेस डबरा में भी लाखन सिंह को प्रचार का जिम्मा सौंप रही है।

मुद्दा… किसान मांग रहे मुआवजा, इमरती देवी का घेराव कर चुके
डबरा मंडी परिसर के बाहर किसानों के बीच मुद्दा प्रत्याशी नहीं, बल्कि फसल मुआवजा है। सुनवाई नहीं होने से नाराज किसान यहां लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इमरती देवी को काले झंडे दिखाने से लेकर उनका घेराव तक किया गया है। अग्रसेन चौराहे पर दुकान लगाने वाले विकास अग्रवाल की नजर में इस बार टक्कर कड़ी है।

ये क्षेत्र कृषि प्रधान है, इसलिए किसानों के वोट निर्णायक साबित होंगे। किसानों को मुआवजा और विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिलने जैसे मुद्दे हावी रहेंगे। भाजपा नए कृषि विधेयकों और सीएम की किसानों के पक्ष में घोषणाओं के सहारे वोट मांगेगी।



Source link