झाबुआ15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- सीहाेर में रह रहा था, परिवार को भी ले गया था, तब पकड़ा जाता तो कई साल पहले छूट जाता
- फरार आरोपियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में पकड़ाया
जिले के कालीदेवी थानाक्षेत्र के गांव छोटी हीड़ी का 58 साल का टेटिया पिता भारतीया गुंडिया को पुलिस ने दो दिन पहले टीही से पकड़ लिया। वो 28 साल से आर्म्स एक्ट के मामले में फरार था। पुलिस को खबर मिली कि वो गांव में रिश्तेदारों से मिलने आया है तो दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला वो 28 साल से सीहोर जिले के इछावर के पास डाबला माता में पहचान बदलकर रह रहा था।
एसपी आशुताेष गुप्ता ने बताया वहां उसने एक सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया था। पहचान पत्र भी बनवा लिया, जिसमें मूल निवासी उसी जगह का होना बताया। परिवार के लोगों को भी वहां बुला लिया और वहीं पर बस गया था। लेकिन अब पकड़ में आ गया। जब उस पर मामला दर्ज हुआ, तब उसकी उम्र 30-32 साल की थी। फरार आरोपियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में उसे पकड़ा गया। उस पर 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई थी। कोर्ट में जिला मीडिया सेल प्रभारी सूरज वैरागी ने बताया न्यायाधीश हर्ष ठाकुर ने आरोपी को जेल भेज दिया।
आर्म्स एक्ट के मामले में अधिकतम सजा 3 से 7 साल होती है, ये भी होती तो 19 साल पहले जेल से बाहर होता
टेटिया पर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। ये अवैध हथियार रखने, इसे लेकर घूमने, व्यापार करने जैसे कारणों में दर्ज होता है। एडवोकेट हितेष संघवी ने बताया इस धारा में 3 से 7 साल की सजा का प्रावधान है। यानि अगर टेटिया उस समय पकड़ा जाता और उसे अधिकतम सजा भी होती तो 19 साल पहले जेल से बाहर आ जाता।